BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

आस्था और परंपरा के साथ मनाया जाएगा जामताड़ा बाजार दुर्गा मंदिर का 111वां दुर्गोत्सव


 उदय किशोर सिंह 

 जामताड़ा :

जामताड़ा बाजार स्थित ऐतिहासिक दुर्गा मंदिर में इस वर्ष दुर्गापूजा का 111वां वर्ष मनाया जाएगा। इस ऐतिहासिक अवसर को लेकर पूजा कमेटी के सदस्यों के साथ-साथ श्रद्धालुओं में भी विशेष उत्साह है। 111वें वर्ष की पूजा को यादगार बनाने के लिए तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। हालांकि इस बार पूजा की सबसे बड़ी विशेषता भव्य पंडाल या अत्यधिक सजावट नहीं, बल्कि सदियों से चली आ रही पारंपरिक पूजा पद्धति, धार्मिक रीति-रिवाज और विधि-विधान का पूर्ण रूप से पालन होगा। बाजार दुर्गा मंदिर की पूजा राजघराने की परंपरा से जुड़ी मानी जाती है। वर्तमान में पूजा कमेटी के अध्यक्ष राजा अजीत कुमार सिंह हैं, जो राजघराने से ताल्लुक रखते हैं। वहीं पूजा की पारंपरिक व्यवस्था और धार्मिक परंपराओं से जुड़े सेवाहित परिवार के सदस्य भी वर्तमान कमेटी में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। पूजा कमेटी के सचिव टी.के. माजी हैं। वही कमेटी के कोषाध्यक्ष सौगत सेन ने बताया कि 111वें वर्ष की पूजा को लेकर कमेटी की प्राथमिकता स्पष्ट है। मां दुर्गा की पूजा पूरी श्रद्धा और भक्ति के साथ पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार संपन्न कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि पंडाल, विद्युत सज्जा और अन्य व्यवस्थाओं को भी आकर्षक रूप दिया जाएगा, लेकिन इन सबसे अधिक महत्व पूजा के विधि-विधान और धार्मिक परंपराओं को दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा, धार्मिक अनुशासन और पूजा से जुड़े सभी निर्धारित नियमों के पालन पर विशेष ध्यान रहेगा। कमेटी का प्रयास है कि पूजा में आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर व्यवस्था मिले और 111वें वर्ष का आयोजन धार्मिक गरिमा के अनुरूप संपन्न हो। सौगत सेन ने कहा कि बाजार दुर्गा मंदिर की यह ऐतिहासिक पूजा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि क्षेत्र की सांस्कृतिक विरासत का भी हिस्सा है। नई पीढ़ी को इस परंपरा से जोड़ना और आने वाले वर्षों में इसकी धार्मिक गरिमा को बनाए रखना कमेटी की प्राथमिकता है। 111वें वर्ष में बाजार दुर्गा मंदिर की पूजा का संदेश स्पष्ट है। भव्यता के साथ परंपरा, आस्था और विधि-विधान को सर्वोच्च प्राथमिकता। मौके पर कुंदन सिंह, आकाश साव, अमरजीत दास, संजीत सिंह, संतोष घोष , अर्धेंदु मिश्रा, समरनाथ सेन, बलराम मोदी, गौर बाउरी, विकास बाउरी, पानू बाउरी, अमित बाउरी ,आजाद बाउरी सहित अन्य पूजा कमेटी के सदस्य उपस्थित थे।