‘चलो गांव की ओर’ कार्यक्रम में ग्रामीण समस्याओं का लिया जायजा, अधिकारियों से दूरभाष पर की बात
मेदिनीनगर। ‘चलो गांव की ओर’ कार्यक्रम के तहत सदर प्रखंड के पोखराहा, यमुने, रजवाडीह, बड़कागांव और खनवां गांव का भ्रमण कर ग्रामीणों की समस्याओं की जानकारी ली गई। इस दौरान ग्रामीणों ने सिंचाई, बिजली और शिक्षा से जुड़ी विभिन्न समस्याओं से अवगत कराया। मौके पर समस्याओं का स्थल निरीक्षण करते हुए संबंधित विभाग के अधिकारियों से दूरभाष पर बातचीत कर शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया गया।
यमुने के पाल टोला स्थित बेटीबांध आहर का निरीक्षण करते हुए ग्रामीणों ने बताया कि बांध पर रेगुलेटर नहीं होने के कारण लगातार पानी का बहाव जारी रहता है, जिससे किसानों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों के साथ स्थल निरीक्षण के बाद रेगुलेटर लगाए जाने की आवश्यकता महसूस की गई। इस समस्या के समाधान के लिए सिंचाई विभाग के अधिकारियों से संपर्क करने की बात कही गई।
भ्रमण के दौरान ग्रामीणों ने बिजली की समस्या भी बताई। निरीक्षण में पाया गया कि कई कनेक्शनधारी बिजली कनेक्शन लेने के बावजूद बांस के सहारे तार खींचकर काम चला रहे हैं। इससे कभी भी बांस गिरने अथवा तार टूटने से बड़ा हादसा होने की आशंका बनी हुई है। स्थल से ही बिजली विभाग के कार्यपालक अभियंता से फोन पर संपर्क कर समस्या से अवगत कराया गया और शीघ्र समाधान का आग्रह किया गया।
बड़कागांव में चौराहा मंदिर के समीप से गुजर रहे बिजली के तार को लेकर भी ग्रामीणों ने चिंता जताई। मंदिर में निर्माण कार्य चल रहा है और बिजली का तार नहीं हटाए जाने से हादसे की आशंका बनी हुई है। इस संबंध में कार्यपालक अभियंता से दूरभाष पर बात की गई, जिस पर उन्होंने आश्वस्त किया कि तार को उसी दिन शाम तक अथवा अगले दिन तक दुरुस्त करा दिया जाएगा।
मौके पर मुन्द्रिका राम, बीस सूत्री प्रखंड अध्यक्ष तेजू साव, अजय पाल, संतोष कुमार, लक्ष्मी पाल, रामनरेश पाल, दिलीप तिवारी, रोहित शुक्ला, चंदन तिवारी, मनीष त्रिपाठी, ईश्वर भुइयां, अमीरका भुइयां, लिलेश्वर भुइयां, अजय भुइयां, राधेश्याम भुइयां, सविता देवी, कुन्ता कुंवर, मुकेश सिंह, परशु सिंह सहित सैकड़ों ग्रामीण उपस्थि






