रंका। रंका थाना के नए थाना प्रभारी के रूप में विष्णुकांत ने गुरुवार को विधिवत पदभार ग्रहण किया। पदभार संभालते ही उन्होंने थाना क्षेत्र की कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने तथा अपराध पर प्रभावी नियंत्रण को प्राथमिकता देने की बात कही।
नवनियुक्त थाना प्रभारी ने कहा कि आम जनता की सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च जिम्मेदारी है। थाना क्षेत्र में शांति एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी तत्परता से कार्य करेगी। उन्होंने कहा कि फरियाद लेकर थाना पहुंचने वाले लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुना जाएगा तथा नियमानुसार त्वरित कार्रवाई का प्रयास किया जाएगा।
उन्होंने क्षेत्र में पुलिस गश्त को प्रभावी बनाने, असामाजिक गतिविधियों पर नजर रखने और अपराधियों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई करने की बात कही। साथ ही उन्होंने आम लोगों से अपील की कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि अथवा अपराध से संबंधित सूचना पुलिस को तत्काल दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
विष्णुकांत ने पुलिस एवं जनता के बीच बेहतर तालमेल स्थापित कर क्षेत्र में सुरक्षित माहौल बनाने पर जोर दिया। पदभार ग्रहण करने पर थाना के पुलिस पदाधिकारियों एवं जवानों ने उनका स्वागत किया।







