हुसैनाबाद के महुदंड में नेटवर्क की तलाश में पहाड़ पर चढ़े सीओ,ऑनलाइन कार्य के लिए पहाड़ की चोटी बना अस्थाई कार्यालय
हुसैनाबाद: कृष्णा यादव
हुसैनाबाद,पलामू : पलामू जिले के हुसैनाबाद प्रखंड के सुदूरवर्ती ग्राम पंचायत महुदंड में मोबाइल नेटवर्क की समस्या के कारण सरकारी कामकाज प्रभावित हो रहा है। स्थिति यह है कि विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) कार्य के लिए हुसैनाबाद के अंचल अधिकारी को अपनी टीम के साथ पहाड़ के ऊपर चढ़ना पड़ा।
मंगलवार को महुदंड पंचायत में एसआईआर का कार्य चल रहा था। नीचे गांव में नेटवर्क बिल्कुल नहीं रहने के कारण अंचलाधिकारी और उनकी टीम ने पहाड़ की चोटी पर पेड़ के नीचे ही अपना अस्थायी कार्यालय बना लिया। कुर्सी लगाकर, रजिस्टर और मोबाइल के सहारे ऑनलाइन डाटा एंट्री और सत्यापन का काम किया गया।
स्थानीय लोगों ने बताया कि महुदंड पंचायत के कई टोलों में सालों से नेटवर्क की समस्या है, जिसके कारण छात्र-छात्राओं की पढ़ाई से लेकर सरकारी योजनाओं का लाभ लेने में परेशानी होती है। स्थानीय लोगों ने कहा कि नेटवर्क की समस्या से स्थानीय लोग परेशान हैं एवं इसकी शिकायत पूर्व में जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासनिक पदाधिकारियों को से की गई लेकिन स्थिति जस का तस है।ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से पंचायत में मोबाइल टावर लगाने की मांग की है ताकि सरकारी कर्मियों को इस तरह पहाड़ पर चढ़कर काम न करना पड़े।






