मेदिनीनगर। श्री केंद्रीय दुर्गा पूजा महासमिति,पलामू की वार्षिक बैठक 20 सितंबर, रविवार को आयोजित होगी। बैठक सदर अस्पताल रोड स्थित दुर्गा मंडप,गीता भवन के बगल में,दोपहर 12:15 बजे से होगी।
बैठक में महासमिति के वार्षिक चुनाव,आगामी दुर्गोत्सव की तैयारियों, आयोजन की व्यवस्थाओं तथा अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया जाएगा।दुर्गोत्सव के सफल एवं व्यवस्थित आयोजन को लेकर बैठक में आवश्यक दिशा-निर्देश एवं आगामी कार्ययोजना पर भी चर्चा होने की संभावना है।
महासमिति के अध्यक्ष दुर्गा जौहरी एवं उपाध्यक्ष नवीन तिवारी ने संयुक्त रूप से महासमिति के सभी पदाधिकारियों एवं सम्मानित सदस्यों से बैठक में निर्धारित समय पर अनिवार्य रूप से उपस्थित होने की अपील की है।
उन्होंने कहा कि दुर्गोत्सव केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि पलामू की सामाजिक एवं सांस्कृतिक परंपरा का महत्वपूर्ण हिस्सा है।इसकी गरिमा,व्यवस्था और भव्यता को बनाए रखने के लिए सभी सदस्यों की सक्रिय सहभागिता आवश्यक है।
अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष ने सदस्यों से अपील की कि वे समय पर पहुंचकर बैठक में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें,ताकि आगामी दुर्गोत्सव की तैयारियों को लेकर सामूहिक रूप से ठोस निर्णय लिए जा सकें।







