सऊदी अरब में फंसे महेंद्र महतो की वतन वापसी के लिए बगोदर विधायक नागेंद्र महतो ने विदेश मंत्री को लिखा पत्र
रांची एक्सप्रेस संवाददाता बगोदर
बगोदर (गिरिडीह): बगोदर विधायक नागेंद्र महतो ने सऊदी अरब में फंसे बगोदर प्रखंड के खेतको गांव निवासी महेंद्र महतो की सकुशल वतन वापसी के लिए भारत सरकार के विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर को पत्र लिखकर तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है।
विधायक ने अपने अनुशंसा पत्र में बताया है कि महेंद्र महतो रोजगार के लिए सऊदी अरब स्थित एलएंडटी कंपनी में कार्यरत थे। कंपनी द्वारा उन्हें कार्यमुक्त कर दिए जाने के बाद उनका पासपोर्ट भी जब्त कर लिया गया। पिछले आठ महीनों से वे बिना आर्थिक सहायता, भोजन और वैध दस्तावेजों के अत्यंत कठिन परिस्थितियों में वहां फंसे हुए हैं।
पत्र में कहा गया है कि महेंद्र महतो अपने परिवार के एकमात्र कमाने वाले सदस्य हैं। उनके सऊदी में फंसे रहने से पत्नी, तीन छोटे बच्चों एवं वृद्ध माता-पिता के सामने गंभीर आर्थिक और मानसिक संकट उत्पन्न हो गया है। कंपनी से संपर्क करने पर भी कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिल रहा है, जिससे उनकी सुरक्षा को लेकर परिजनों की चिंता लगातार बढ़ती जा रही है।
विधायक नागेंद्र महतो ने विदेश मंत्री से आग्रह किया है कि इस मानवीय मामले को गंभीरता से लेते हुए रियाद स्थित भारतीय दूतावास के माध्यम से आवश्यक कूटनीतिक पहल कर महेंद्र महतो की सुरक्षित और शीघ्र भारत वापसी सुनिश्चित कराई जाए। उन्होंने इस मामले में त्वरित कार्रवाई की अपेक्षा जताई है।




.jpeg)

