BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

जेपीएससी-जेएसएससी पेपर लीक मामले में हथबोर पहुंची सीआईडी टीम, अभय तिवारी के ससुर से पूछताछ


रांची एक्सप्रेस संवाददाता बेंगाबाद 
 
जेपीएससी-जेएसएससी पेपर लीक मामले की जांच एक बार फिर बेंगाबाद के हथबोर गांव तक पहुंची। मंगलवार को अपराध अनुसंधान विभाग (सीआईडी) की तीन सदस्यीय टीम ने गांव पहुंचकर मामले के कथित मास्टरमाइंड अभय तिवारी उर्फ मनोज तिवारी के ससुर विकास पांडेय से करीब एक घंटे तक गहन पूछताछ की। टीम ने अभय तिवारी से जुड़े संपर्कों, गतिविधियों और मामले से संबंधित कई अहम बिंदुओं पर जानकारी जुटाई। इंस्पेक्टर कृष्णकांत पांडा के नेतृत्व में सीआईडी की टीम स्थानीय पुलिस के सहयोग से मंगलवार दोपहर हथबोर गांव पहुंची थी। जांच के क्रम में टीम ने विकास पांडेय से अभय तिवारी के संबंध में विस्तृत जानकारी ली। इसके अलावा अभय तिवारी के संपर्क में रहने वाले अन्य लोगों तथा मामले से जुड़े विभिन्न पहलुओं को लेकर भी पूछताछ की गई। बताया गया कि यह मामला अपराध अनुसंधान विभाग थाना कांड संख्या 01/2025, दिनांक 01 जनवरी 2025 से संबंधित है। मामले में बीएनएस की धारा 316(2), 318(2), 318(4), 61(2) तथा झारखंड प्रतियोगी परीक्षा अधिनियम, 2023 की धारा 12(2) एवं 12(3) के तहत अनुसंधान किया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, सीआईडी टीम इससे पूर्व भी हथबोर गांव पहुंची थी। उस दौरान पूछताछ के लिए विकास पांडेय को रांची ले जाया गया था। हालांकि पूछताछ पूरी होने के बाद टीम ने उन्हें सकुशल छोड़ दिया था। मंगलवार को दोबारा गांव पहुंचकर पूछताछ किए जाने से मामले की जांच में सीआईडी की सक्रियता बढ़ने के संकेत मिल रहे हैं।