डीएवी स्कूल में जिला युवा एवं विद्यालय शिखर सम्मेलन, समावेशन का दिया संदेश
रांची एक्सप्रेस संवाददाता
गिरिडीह: डीएवी पब्लिक स्कूल, सीसीएल गिरिडीह के अटल प्रयोगशाला में विशेष ओलंपिक्स भारत, झारखंड की गिरिडीह जिला इकाई के तत्वावधान में जिला युवा एवं विद्यालय शिखर सम्मेलन एवं युवा सक्रियता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य “एकजुट हों, प्रेरित करें और नेतृत्व करें” के संदेश के साथ युवाओं में नेतृत्व क्षमता विकसित करना तथा विशेष आवश्यकता वाले बच्चों के प्रति संवेदनशीलता, समानता और समावेशन की भावना को बढ़ावा देना था कार्यक्रम में कक्षा 10वीं, 11वीं और 12वीं के करीब 100 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम प्रभारी शुभम कुमार झा ने विद्यार्थियों को विशेष ओलंपिक्स भारत की गतिविधियों और विशेष आवश्यकता वाले बच्चों के लिए उपलब्ध अवसरों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि ऐसे बच्चों को खेल ही नहीं, बल्कि शिक्षा, कला, संस्कृति, नेतृत्व सहित अन्य क्षेत्रों में भी समान अवसर मिलना चाहिए। इस दौरान कक्षा 12वीं के छात्र प्रतीक को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। प्रतीक ने हिमाचल प्रदेश में आयोजित विशेष ओलंपिक्स भारत के राष्ट्रीय युवा नेतृत्व शिखर सम्मेलन में विद्यालय का प्रतिनिधित्व किया था। उनकी उल्लेखनीय सहभागिता के लिए उन्हें प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया। विद्यालय के प्राचार्य आर. पी. गोयल ने शुभम कुमार झा के प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि विशेष आवश्यकता वाले बच्चों को समान अवसर, सम्मान और प्रोत्साहन मिलना चाहिए, ताकि वे अपनी प्रतिभा को पहचानकर आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ सकें। उन्होंने कहा कि समावेशी समाज का निर्माण तभी संभव है, जब हर बच्चे को उसकी क्षमता के अनुरूप आगे बढ़ने का अवसर मिले। ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में मानवीय संवेदना, सहयोग, समानता और नेतृत्व के गुण विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं!कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को यह संदेश दिया गया कि प्रत्येक बच्चे में विशेष प्रतिभा होती है और सामूहिक प्रयासों से विशेष आवश्यकता वाले बच्चों को समाज की मुख्यधारा से जोड़कर उन्हें अपनी क्षमताओं के प्रदर्शन के पर्याप्त अवसर दिए जा सकते हैं






