महदैया में वन विभाग का बुलडोजर चला: जेसीबी से ढहाई अवैध चहारदीवारी, अरुण जालान पर वन अधिनियम के तहत केस दर्ज
रांची एक्सप्रेस संवाददाता बेंगाबाद
सोनबाद पंचायत के महदैया मौजा में वन भूमि पर कब्जा जमाने वालों के मंसूबों पर वन विभाग ने बुलडोजर चला दिया। बुधवार को रेंजर एस के रवि के नेतृत्व में वन विभाग की टीम ने जेसीबी मशीन से अवैध चहारदीवारी को धराशायी कर वन भूमि को अतिक्रमण से मुक्त करा लिया। इस मामले में गिरिडीह शहर के अरुण जालान के खिलाफ वन अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया है।
प्रभारी वनपाल रोहित पंडित ने बताया कि महदैया मौजा में वन भूमि की घेराबंदी कर अतिक्रमण किए जाने की सूचना बेंगाबाद सीओ सफी आलम ने दी थी। हाल के दिनों में सोशल मीडिया पर भी जमीन अतिक्रमण का मामला वायरल हुआ था और सीओ को जनशिकायत मिली थी। मामले को गंभीरता से लेते हुए सीओ ने वन विभाग को लिखित सूचना भेजी।
इसके बाद वन विभाग ने जमीन का सर्वे कराया। सर्वे रिपोर्ट में वन सीमा के अंदर घेराबंदी की पुष्टि हुई। रेंजर एस के रवि के नेतृत्व में टीम गठित कर बुधवार को कार्रवाई की गई। टीम में प्रभारी वनपाल रोहित पंडित और वनरक्षी दाऊद भी मौजूद थे। जेसीबी से अवैध निर्माण को तोड़कर वन भूमि को कब्जे से मुक्त करा दिया गया।
वन विभाग ने साफ किया है कि वन भूमि पर किसी भी तरह का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।




