BREAKING NEWS

logo

श्रावणी मेला-2026 की तैयारियां अंतिम चरण में, महापौर-उपमहापौर ने किया मेला क्षेत्र के रूट लाइन का निरीक्षण.


■ इस बार श्रद्धालुओं को मिलेगा सुरक्षित और सुखद अनुभूति:- महापौर  

रांची एक्सप्रेस संवाददाता 

देवघर : श्रावणी मेला-2026 के शुभारंभ में अब महज 15 दिन शेष रह गए हैं। मेला को लेकर जिला और नगर निगम प्रशासन तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुट गया है। इसी कड़ी में मंगलवार को देवघर नगर निगम के महापौर रवि राउत और उप महापौर टीप चटर्जी ने संबंधित अधिकारियों के साथ मेला रूट लाइन का सघन निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान महापौर और उप महापौर ने रूट लाइन पर सफाई व्यवस्था, पेयजल, स्ट्रीट लाइट, शौचालय और श्रद्धालुओं की सुरक्षा से जुड़ी सभी व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया।

महापौर ने मौजूद विभागीय पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि मेला शुरू होने से पहले सभी व्यवस्थाएं हर हाल में दुरुस्त कर ली जाएं। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के साथ किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

महापौर रवि राउत ने कहा कि हमारा उद्देश्य बाबा धाम आने वाले हर शिवभक्त को सुलभ, सुरक्षित और सुखद अनुभव देना है। इसी को ध्यान में रखकर मैं स्वयं लगातार मेला क्षेत्र का निरीक्षण कर रहा हूं और जरूरत के अनुसार व्यवस्थाओं को मजबूत किया जा रहा है।

महापौर ने कहा कि श्रावणी मेला की सफलता में नगरवासियों का सहयोग हमेशा सराहनीय रहा है। इस वर्ष भी सभी के सहयोग से मेले को कुशलतापूर्वक संपन्न कराया जाएगा।

निरीक्षण के दौरान उप महापौर, जोनल अध्यक्ष सहित नगर निगम और अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद थे।