BREAKING NEWS

logo

मधुपुर प्रखंड सभागार में SIR को लेकर आईसीटी इंस्ट्रक्टरों का ऑनलाइन प्रशिक्षण आयोजित*


रांची एक्सप्रेस संवाददाता 

मधुपुर : प्रखंड सभागार में मंगलवार को प्रखंड विकास पदाधिकारी  अजय कुमार दास के निर्देशानुसार विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) कार्यक्रम के सफल संचालन को लेकर ऑनलाइन प्रशिक्षण सह समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में मधुपुर थाना क्षेत्र के सभी आईसीटी इंस्ट्रक्टरों ने भाग लिया।
ऑनलाइन प्रशिक्षण के दौरान एसआईआर से संबंधित कार्यों, मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण, आवश्यक दस्तावेजों के सत्यापन, डेटा एंट्री, ऑनलाइन पोर्टल के उपयोग तथा निर्धारित समय-सीमा के भीतर कार्यों को पूरा करने के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई। प्रशिक्षकों ने प्रतिभागियों की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए उन्हें आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। इस अवसर पर एसआईआर से जुड़े कन्हैया मंडल एवं क्लस्टर कोऑर्डिनेटर जितेंद्र कुमार ने प्रशिक्षण का संचालन किया। उन्होंने सभी आईसीटी इंस्ट्रक्टरों को निर्देश दिया कि वे अपने-अपने क्षेत्र में निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य को पूरी पारदर्शिता और जिम्मेदारी के साथ संपन्न करें।
बैठक में मधुपुर थाना क्षेत्र के सभी आईसीटी इंस्ट्रक्टर उपस्थित रहे। अधिकारियों ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) का उद्देश्य मतदाता सूची को त्रुटिरहित, अद्यतन एवं शुद्ध बनाना है, ताकि पात्र मतदाताओं का नाम सूची में शामिल हो सके और अपात्र प्रविष्टियों को हटाया जा सके। प्रशिक्षण के अंत में सभी प्रतिभागियों से निर्वाचन कार्य को समयबद्ध एवं प्रभावी ढंग से पूरा करने का आह्वान किया गया।