कोनार डैम से निकलीं 42 और 26 किलो की विशाल मछलियां, देखने उमड़ी भीड़
गोमिया। गोमिया प्रखंड के जरकुंडा स्थित कोनार डैम जलाशय से मंगलवार को मछुआरों के जाल में दो विशाल ब्रिकेट मछलियां फंसने से पूरे इलाके में उत्साह का माहौल बन गया। एक मछली का वजन 42 किलोग्राम और दूसरी का 26 किलोग्राम बताया गया। दोनों का आकार इतना बड़ा था कि उन्हें पानी से बाहर निकालने और उठाने के लिए कई लोगों की मदद लेनी पड़ी। यह बड़ी सफलता जरकुंडा मत्स्यजीवी समिति के सदस्यों को मिली। समिति अध्यक्ष धीरज लहेरी के नेतृत्व में अशोक महतो, महावीर महतो, जमुना महतो, तापेश्वर महतो और देवेंद्र महतो सहित अन्य मछुआरों ने जाल डालकर इन मछलियों को पकड़ा। जैसे ही विशाल मछलियों के पकड़े जाने की खबर आसपास के गांवों में फैली, ग्रामीण और राहगीर जलाशय किनारे पहुंचने लगे। लोगों ने मछलियों के साथ सेल्फी ली और इस दुर्लभ दृश्य को मोबाइल में कैद किया। बच्चे और महिलाएं भी बड़ी संख्या में मछलियों को देखने पहुंचे। जरकुंडा मत्स्यजीवी समिति के अध्यक्ष धीरज लहेरी ने बताया कि कोनार डैम जलाशय में रोहू, कतला, ब्रिकेट समेत कई प्रजातियों की बड़ी मछलियां पाई जाती हैं। लेकिन इतने बड़े आकार की मछली बहुत कम ही जाल में फंसती है। उन्होंने कहा कि इस तरह की बड़ी मछलियां मिलने से मछुआरों को अच्छी आमदनी होती है। इससे समिति के सदस्यों की आर्थिक स्थिति को मजबूती मिलती है। कोनार डैम क्षेत्र में मछली पालन से दर्जनों परिवारों की आजीविका चलती है। बड़ी मछलियों की उपलब्धता से न सिर्फ मछुआरों को बल्कि स्थानीय बाजार को भी फायदा पहुंचता है।




