BREAKING NEWS

logo

देवघर प्रधान डाकघर और पासपोर्ट ऑफिस को बम से उड़ाने की धमकी, मचा हड़कंप.


■ स्वान और बम निरोधक दस्ते ने किया पूरे परिसर का सघन निरीक्षण. 

रांची एक्सप्रेस ब्यूरो 

देवघर। : बुधवार को देवघर प्रधान डाकघर और पासपोर्ट सेवा केंद्र को ई-मेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिलने से सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया।

जानकारी मिलते ही नगर थाना पुलिस और जिला पुलिस का विशेष दल मौके पर पहुंचा। सुरक्षा के मद्देनजर पूरे परिसर को घेरकर स्वान दस्ता और बम निरोधक टीम से गहन तलाशी अभियान चलाया गया। 

डाकघर और पासपोर्ट ऑफिस के हर कोने, आसपास के इलाके और संदिग्ध वस्तुओं की बारीकी से जांच की गई।

नगर थाना प्रभारी रवि ठाकुर ने बताया कि "प्रधान डाकघर और पासपोर्ट ऑफिस को ई-मेल के माध्यम से बम से उड़ाने की धमकी मिली थी। 
सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर के निर्देश पर तुरंत टीम गठित कर पासपोर्ट ऑफिस पहुंचे। स्वान और बम निरोधक दस्ते ने पूरी बिल्डिंग की जांच की। अभी तक कोई संदिग्ध या आपत्तिजनक सामान बरामद नहीं हुआ है। ई-मेल के स्रोत का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है और आगे की कार्रवाई की जाएगी।"

फिलहाल प्रशासन की ओर से धमकी की सत्यता को लेकर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। पूरे परिसर में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और मामले की जांच जारी है।