BREAKING NEWS

logo

देवघर : श्रावणी मेला-2026: रविवार-सोमवार को शीघ्र दर्शनम और VIP दर्शन पर रोक.


श्रावणी मेला-2026: रविवार-सोमवार को शीघ्र दर्शनम और VIP दर्शन पर रोक.  

■ डीसी ने पंडा समाज के साथ बैठक कर मेला की तैयारियों की समीक्षा की.

अमित कुमार,
रांची एक्सप्रेस ब्यूरो 

देवघर : राजकीय श्रावणी मेला-2026 को लेकर उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी सौरभ कुमार भुवानियां की अध्यक्षता में बुधवार को बाबा मंदिर प्रांगण स्थित प्रशासनिक भवन में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक में पंडा धर्मरक्षिणी सभा के अध्यक्ष सुरेश भारद्वाज, महामंत्री निर्मल झा 'मंटू', वरीय उपाध्यक्ष चंद्रशेखर खवाड़े, तीर्थ-पुरोहित समाज और पंडा समाज के प्रतिनिधि शामिल हुए।
बैठक में पंडा समाज के सदस्यों ने श्रद्धालुओं की सुविधा को लेकर अपने सुझाव रखे। उपायुक्त ने कहा कि सभी सुझावों पर गंभीरता से विचार कर यथासंभव व्यवस्था को दुरुस्त किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जनसहयोग से ही मेला को सफल बनाया जा सकता है। 
इस दौरान उन्होंने मेला क्षेत्र में सुरक्षा, सुगम जलार्पण, आवासन और आधुनिक तकनीकों के उपयोग से की गई तैयारियों की जानकारी भी दी।

श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उपायुक्त ने बड़ा निर्णय लिया। उन्होंने कहा कि राजकीय श्रावणी मेला के दौरान VIP, VVIP और OUT OF TURN दर्शन पूरी तरह बंद रहेगा। इसके साथ ही रविवार और सोमवार को शीघ्र दर्शनम की सुविधा पर भी पूर्णतः रोक रहेगी।
उपायुक्त ने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य है कि हर श्रद्धालु को बिना भेदभाव के सुगम और सुरक्षित जलार्पण का अवसर मिले। उन्होंने पंडा समाज से अपील की कि वे श्रावणी और भादो मेला के सफल संचालन में प्रशासन का सहयोग करें, ताकि बाबा नगरी से जाने वाले प्रत्येक श्रद्धालु एक सुखद अनुभव लेकर जाएं।

बैठक में पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर, उप विकास आयुक्त पीयूष सिन्हा, नगर आयुक्त सुलोचना मीणा, एसडीओ सह बाबा मंदिर प्रभारी रवि कुमार, सिविल सर्जन डाॅ. रमेश कुमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।