श्री रामकृष्ण डीए वी पब्लिक स्कूल में कलस्टर स्तर शतरंज प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ ।
रांची एक्सप्रेस,संवाददाता सरिया
सरिया डीएवी पब्लिक स्कूल, सरिया में आयोजित कलस्टर स्तर शतरंज प्रतियोगिता का शुभारंभ उत्साह, गरिमा एवं खेल भावना के वातावरण में संपन्न हुआ। प्रतियोगिता में विभिन्न विद्यालयों से आए प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं ने भाग लेकर अपनी रणनीतिक क्षमता और बौद्धिक कौशल का परिचय दिया। इस प्रतियोगिता में डी ए वी सरिया, डी ए वी भंडारीडीह , डी ए वी ललपनिया , डी ए वी दुग्धा,डी ए वी कठारा , डी ए वी स्वांग के छात्रों ने भाग लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि क्षेत्रीय प्रबंधन समिति के उपाध्यक्ष श्री विनोद कुमार सिंह द्वारा दीप प्रज्वलन कर किया गया। विद्यालय के विद्यार्थियों ने गणेश वंदना एवं स्वागत गीत प्रस्तुत कर अतिथियों का अभिनंदन किया।
अपने उद्घाटन संबोधन में मुख्य अतिथि ने कहा कि शतरंज ऐसा खेल है, जो विद्यार्थियों में एकाग्रता, धैर्य, अनुशासन, तार्किक चिंतन तथा त्वरित निर्णय लेने की क्षमता का विकास करता है। उन्होंने सभी प्रतिभागियों से खेल भावना के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन करने का आह्वान किया।
विद्यालय के प्राचार्य श्री मनीष कुमार सिन्हा ने अपने स्वागत उद्बोधन में कहा कि शतरंज केवल जीत-हार का खेल नहीं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण का सशक्त माध्यम है। उन्होंने सभी प्रतिभागियों, प्रशिक्षकों, निर्णायकों एवं अभिभावकों का स्वागत करते हुए प्रतियोगिता की सफलता की कामना की।
उद्घाटन समारोह के पश्चात मुख्य अतिथि ने प्रतियोगिता के शुभारंभ की औपचारिक घोषणा की। इसके साथ ही विभिन्न वर्गों के खिलाड़ियों के बीच रोमांचक मुकाबलों का सिलसिला प्रारंभ हुआ। प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने पूरे आत्मविश्वास, अनुशासन एवं खेल भावना के साथ अपनी-अपनी बाजियाँ खेलीं।
मौके पर डी ए वी पब्लिक स्कूल ढोरी के प्राचार्य श्री निशिकांत कर, डी ए वी स्वांग के प्राचार्य श्री ए .के मिश्रा, सी सी एल डी ए वी के प्राचार्य ओ. पी गोयल तथा एल एम सी के सदस्य उपस्थित थे।
कार्यक्रम का संचालन विद्यालय के छात्र आर्यन बरनवाल और स्तुति मोदी ने प्रभावी ढंग से किया। विद्यालय की कक्षा चौथी की छात्रा 'साक्षी' ने भी शतरंज के बारे में विस्तृत जानकारी देते हुए अपने विचार प्रस्तुत किए। अंत में विद्यालय प्रबंधन ने सभी प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए प्रतियोगिता के सफल आयोजन हेतु आयोजन समिति, निर्णायकों एवं सहयोगी संस्थाओं के प्रति आभार व्यक्त किया। मौके पर सभी शिक्षक और शिक्षिकाएं उपस्थित थीं।


.jpg)


