आंखों को संक्रमण से बचाने के लिए स्वच्छता जरूरी, हाथों की साफ सफाई पर दें विशेष ध्यान : डॉ. वैशाली भारती
रांची एक्सप्रेस संवाददाता
गिरिडीह :आंखें हमारे शरीर के सबसे संवेदनशील अंगों में शामिल हैं और थोड़ी सी लापरवाही भी संक्रमण का कारण बन सकती है। इसी को लेकर ओम वैष्णवी नर्सिंग होम, बोरो की नेत्र विशेषज्ञ डॉ. वैशाली भारती ने लोगों को आंखों की सुरक्षा और संक्रमण से बचाव को लेकर जागरूक किया है। अपने जागरूकता संदेश में डॉ. वैशाली भारती ने हाथों की स्वच्छता को आंखों के संक्रमण से बचाव का महत्वपूर्ण उपाय बताया। उन्होंने लोगों से आंखों को बार-बार गंदे हाथों से छूने या रगड़ने से बचने की सलाह दी। खासकर बच्चों में आंखों से जुड़ी समस्याओं को लेकर अभिभावकों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत बताई गई। डॉ. भारती ने बताया कि आंखों में लालिमा, जलन, पानी आना या अन्य असामान्य लक्षण दिखाई देने पर लापरवाही नहीं करनी चाहिए। समय पर चिकित्सकीय सलाह लेने से समस्या को गंभीर होने से रोका जा सकता है।उन्होंने लोगों से अपील की कि नियमित रूप से हाथ साफ रखें, आंखों को अनावश्यक रूप से न छुएं और आंखों में किसी तरह की परेशानी होने पर विशेषज्ञ चिकित्सक से परामर्श लें। जागरूकता और सावधानी के जरिए आंखों को संक्रमण से काफी हद तक सुरक्षित रखा जा सकता है






