ईद-ए-मिलाद-उन्नबी को लेकर मुफ्फसिल थाना में शांति समिति की बैठक, ड्रोन से होगी निगरानी
रांची एक्सप्रेस संवाददाता
गिरिडीह: ईद ए मिलाद उन्नबी 2026 को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर गिरिडीह मुफ्फसिल थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने जनप्रतिनिधियों, मुखिया एवं गणमान्य लोगों के साथ पर्व के दौरान सुरक्षा व्यवस्था और विधि व्यवस्था बनाए रखने को लेकर विस्तार से चर्चा की। बैठक में एसडीपीओ जितवाहन उरांव, बीडीओ गणेश रजक, पुलिस निरीक्षक सह मुफ्फसिल थाना प्रभारी श्याम किशोर महतो, एसआई संजय कुमार, परिमण कुमार एवं विवेक कुमार समेत पुलिसकर्मी, जनप्रतिनिधि और शांति समिति के सदस्य मौजूद रहे I अधिकारियों ने सभी लोगों से आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ पर्व मनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रखने के लिए ड्रोन कैमरे से भी निगरानी की जाएगी।पुलिस-प्रशासन ने सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों और भ्रामक सूचनाओं पर ध्यान नहीं देने की अपील की। साथ ही किसी भी संदिग्ध गतिविधि अथवा अफवाह की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचना देने की बात कही गई।अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि पर्व के दौरान शांति एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिकता है। बैठक में जनप्रतिनिधियों एवं शांति समिति के सदस्यों ने भी प्रशासन को हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया






