रांची एक्सप्रेस संवाददाता
तिसरी: आगामी ईद-मिलाद-उन-नवी पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर शनिवार को तिसरी थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में दोनों समुदायों के लोगों ने पर्व को आपसी भाईचारे और सद्भाव के साथ मनाने का आश्वासन दिया।
बैठक की अध्यक्षता थाना प्रभारी शम्भू नंद ईश्वर एवं बीडीओ मनीष कुमार ने की। इसमें जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता, अखाड़ा समिति के सदस्य, पुलिस मित्र, डीजे संचालक समेत दोनों समुदायों के गणमान्य लोग शामिल हुए।
बैठक में जुलूस के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने, प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करने और अफवाहों से बचने पर विशेष चर्चा हुई। थाना प्रभारी ने लोगों से सोशल मीडिया पर भ्रामक अथवा आपत्तिजनक संदेश प्रसारित नहीं करने की अपील की। उन्होंने कहा कि शांति व्यवस्था भंग करने वाले लोगों पर प्रशासन की नजर रहेगी।
दोनों समुदायों के प्रबुद्ध नागरिकों ने कहा कि तिसरी में वर्षों से आपसी भाईचारे और सौहार्द की परंपरा रही है, जिसे आगे भी कायम रखा जाएगा। बैठक में जिला परिषद सदस्य रामकुमार रावत समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।







