BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

₹1500 मानदेय में पूरा महीना काम, वेतन बढ़ाने की मांग को लेकर JSLPS की महिलाओं ने BDO को सौंपा ज्ञापन


रांची एक्सप्रेस संवाददाता गावां

गावां/गिरिडीह। गावां प्रखंड सह अंचल कार्यालय में सोमवार को JSLPS से जुड़ी आजीविका महिला संगठन की दर्जनों महिलाओं ने मानदेय बढ़ाने की मांग को लेकर प्रखंड विकास पदाधिकारी (BDO) को ज्ञापन सौंपा। महिलाओं ने सरकार से जल्द मानदेय में बढ़ोतरी करने की मांग की है।

महिलाओं ने कहा कि उन्हें वर्तमान में मात्र 1500 रुपये प्रतिमाह मानदेय मिलता है। वहीं, कुछ महिलाओं को इससे भी कम राशि मिल रही है। उनका कहना है कि इतनी कम राशि में पूरे महीने काम करने के बावजूद घर का खर्च चलाना मुश्किल हो रहा है। बच्चों के पालन-पोषण और परिवार की अन्य जरूरतों को पूरा करने में भी आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

महिलाओं ने बताया कि JSLPS और आजीविका संगठन के माध्यम से वे सरकार की विभिन्न योजनाओं को सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। गांव-गांव जाकर महिलाओं को जागरूक करना, स्वयं सहायता समूहों का गठन, सरकारी योजनाओं से जोड़ना, बैंक लिंकेज, खेती-बाड़ी एवं पशुपालन से संबंधित जानकारी उपलब्ध कराने समेत कई जिम्मेदारियां वे निभाती हैं।

महिलाओं का कहना है कि जिम्मेदारियां बढ़ती जा रही हैं, लेकिन मानदेय बेहद कम है। उन्होंने सरकार से मांग की कि उनके काम और जिम्मेदारियों को देखते हुए मानदेय में उचित बढ़ोतरी की जाए, ताकि उन्हें आर्थिक राहत मिल सके।

मानदेय बढ़ाने की मांग को लेकर महिलाओं ने प्रखंड मुख्यालय पहुंचकर BDO को अपना ज्ञापन सौंपा और जल्द सकारात्मक कार्रवाई की मांग की।

मौके पर कंचन देवी, रीना देवी, सीमा देवी, डोली देवी, सुमित्रा देवी समेत दर्जनों महिलाएं मौजूद थीं।