शिवगंगा घाट पर उतरी त्रिविम कला: 3D पेंटिंग्स से सजी बाबा नगरी, श्रद्धालुओं के लिए बना सबसे बड़ा आकर्षण
रांची एक्सप्रेस ब्यूरो
देवघर : राजकीय श्रावणी मेला-2026 में बाबा बैद्यनाथ धाम आने वाले श्रद्धालुओं को इस बार एक बिल्कुल नया और दिव्य अनुभव मिल रहा है। उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी सौरभ कुमार भुवानियां के निर्देश पर देवघर नगर निगम ने शिवगंगा सरोवर को आधुनिक कला से सजाया है।
शिवगंगा के घाटों के किनारे भगवान शिव के विभिन्न रूपों की विशाल 3D पेंटिंग्स बनाई गई हैं। त्रिशूल, डमरू, शिवलिंग से लेकर मां गंगा के पृथ्वी पर अवतरण तक का दृश्य इतनी जीवंतता से उकेरा गया है कि देखने वाले कुछ पल के लिए ठहर जा रहे हैं।
देवघर नगर निगम की आयुक्त सुलोचना मीणा ने बताया कि, "हमारा मकसद श्रद्धालुओं को आस्था के साथ-साथ यादगार अनुभव देना है। शिवगंगा सनातन आस्था का केंद्र है। इन त्रिविम कलाकृतियों से युवा पीढ़ी डिजिटल माध्यम से भी शिव महिमा से जुड़ रही है।"
इन सजीव कलाकृतियों की वजह से शिवगंगा परिसर इस बार मेले का सबसे बड़ा सेल्फी प्वाइंट बन गया है। दूर-दराज से आए कांवरिया और स्थानीय लोग भगवान शिव की इन भव्य पेंटिंग्स के साथ फोटो और रील बना रहे हैं। सोशल मीडिया पर भी #ShivGanga3D काफी ट्रेंड कर रहा है।
भक्तों का कहना है कि पहले जहां शिवगंगा सिर्फ स्नान के लिए जानी जाती थी, अब ये कला और आस्था का संगम बन गई है। नगर निगम की इस पहल की हर ओर सराहना हो रही है।
श्रावणी मेले में बाबा के दर्शन के साथ-साथ शिवगंगा की ये अलौकिक छटा श्रद्धालुओं के लिए अतिरिक्त आकर्षण का केंद्र बन गई है।





