पूर्व मंत्री केएन त्रिपाठी, विधायक आलोक चौरसिया और डॉ. शशी भूषण मेहता ने भरा एसआईआर प्रपत्र
संजय सिंह"उमेश"
पलामू : विशेष गहन पुनरीक्षण के अंतर्गत पलामू जिले में निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों की उपस्थिति में जनप्रतिनिधियों एवं मार्क वोटरों का गणना प्रपत्र भरवाने तथा उसके डिजिटाइजेशन का कार्य किया गया।
76-डाल्टनगंज विधानसभा क्षेत्र के निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी-सह-अनुमंडल पदाधिकारी, सदर मेदिनीनगर की उपस्थिति में मार्क वोटर केएन त्रिपाठी (पूर्व मंत्री, झारखंड सरकार), स्थानीय विधायक आलोक कुमार चौरसिया तथा जिला परिषद सदस्य रामलव चौरसिया सहित अन्य को गणना प्रपत्र उपलब्ध कराया गया। इसके उपरांत उनकी उपस्थिति में गणना प्रपत्र भरवाकर उसका डिजिटाइजेशन कार्य सफलतापूर्वक पूर्ण किया गया।
इसी क्रम में 75-पांकी विधानसभा क्षेत्र के निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी-सह-जिला आपूर्ति पदाधिकारी, पलामू की उपस्थिति में विधायक कुशवाहा शशि भूषण मेहता को बीएलओ के माध्यम से गणना प्रपत्र उपलब्ध कराया गया। साथ ही बीएलओ ऐप के माध्यम से गणना प्रपत्र ऑनलाइन भरकर उसका डिजिटाइजेशन भी पूर्ण किया गया।
जिले में विशेष गहन पुनरीक्षण के तहत गणना प्रपत्रों के वितरण, संग्रहण एवं डिजिटाइजेशन का कार्य निर्धारित समयसीमा के अनुरूप लगातार किया जा रहा है।





