नवयुग दल एवं प्रज्ञा महिला मंडल, टाटानगर की विशेष गोष्ठी संपन्न
जमशेदपुर, गायत्री ज्ञान मंदिर, भालूबासा में नवयुग दल एवं प्रज्ञा महिला मंडल, टाटानगर की एक विशेष गोष्ठी झारखंड प्रांत के समन्वयक श्री संतोष कुमार राय की अध्यक्षता में संपन्न हुई।
गोष्ठी में आगामी सेवा एवं संगठनात्मक कार्यक्रमों की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में 29 जुलाई को गुरु पूर्णिमा महापर्व, 9 अगस्त को विशाल रक्तदान शिविर तथा प्रत्येक वर्ष की भाँति श्रावण मास में एक माह तक चलने वाले वृक्षारोपण अभियान को भव्य एवं सुव्यवस्थित ढंग से आयोजित करने का सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया।
बैठक में विगत दो माह के दौरान महाप्रयाण कर चुके गायत्री परिवार के वरिष्ठ परिजनों की पावन स्मृति में 12 जुलाई (रविवार) को गायत्री ज्ञान मंदिर, भालूबासा में भावपूर्ण श्रद्धांजलि सभा आयोजित करने का भी निर्णय लिया गया। इस अवसर पर दिवंगत परिजनों के परिवारों सहित गायत्री परिवार के सभी सदस्य उपस्थित होकर श्रद्धासुमन अर्पित करेंगे।
गुरु पूर्णिमा महापर्व के आयोजन का दायित्व श्रीमती रूबी शर्मा, श्रीमती नेहा भगत एवं श्रीमती रंजीता राय ने स्वीकार किया। वहीं 9 अगस्त के रक्तदान शिविर के सफल संचालन हेतु श्री संजीव कुमार सिन्हा, श्रीमती संगीता साल एवं श्री आलोक सिंह ने अपनी सहमति प्रदान की। श्रावण मास के वृक्षारोपण अभियान का दायित्व श्री अमित वर्मा एवं श्री संजय वर्मा को सौंपा गया। उपस्थित सभी सदस्यों ने इन सभी कार्यक्रमों में सक्रिय सहभागिता एवं पूर्ण सहयोग का संकल्प लिया।
गोष्ठी के उपरांत गायत्री परिवार के वरिष्ठ परिजन आदरणीय श्री वीरेंद्र नाथ पांडे एवं श्रीमती सत्यवती पांडे की वैवाहिक वर्षगाँठ हर्षोल्लास एवं आत्मीय वातावरण में मनाई गई। उपस्थित सभी परिजनों ने उन्हें शुभकामनाएँ एवं मंगलकामनाएँ प्रेषित कीं।
बैठक के अंत में नवयुग दल एवं प्रज्ञा महिला मंडल के सभी सदस्यों ने आगामी सभी कार्यक्रमों को सफल बनाने हेतु पूर्ण समर्पण, अनुशासन एवं सेवा भाव के साथ कार्य करने का संकल्प व्यक्त किया।
आप का भाई
दीपक कुमार
मीडिया प्रभारी
नवयुगदल, टाटानगर





