BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

झारखंड प्रादेशिक अग्रवाल सम्मेलन ने शोकाकुल परिवारों से मिलकर दी श्रद्धांजलि एवं हरसंभव सहयोग का दिलाया भरोसा


जमशेदपुर, 6 अगस्त. डेहरी-ऑन-सोन (डालमियानगर) नगर परिषद में कार्यपालक पदाधिकारी के रूप में कार्यरत स्व. विमल कुमार अग्रवाल की निर्मम हत्या तथा रामगढ़ निवासी स्व. सुमित अग्रवाल की हत्या की घटनाओं से समूचा अग्रवाल समाज स्तब्ध एवं शोकाकुल है. इन दोनों दुःखद घटनाओं के उपरांत झारखंड प्रादेशिक अग्रवाल सम्मेलन के प्रतिनिधिमंडल ने दोनों शोक-संतप्त परिवारों से भेंट कर अपनी गहरी संवेदनाएँ व्यक्त कीं तथा हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया.

सम्मेलन के प्रदेश अध्यक्ष संदीप मुरारका, प्रदेश महामंत्री अभिषेक अग्रवाल 'गोल्डी', प्रदेश कोषाध्यक्ष अजय कुमार भालोटिया, प्रदेश संगठन मंत्री राजेश पसारी, पूर्वी सिंहभूम जिला अध्यक्ष मंटू अग्रवाल, युवा इकाई के राष्ट्रीय मंत्री रोहित अग्रवाल, युवा इकाई के जिला अध्यक्ष सन्नी संघी सहित अन्य पदाधिकारी सर्वप्रथम रांची पहुँचे, जहाँ उन्होंने मूलतः शेरघाटी (गया) निवासी एवं बिहार सरकार के प्रशासनिक पदाधिकारी रहे स्व. विमल कुमार अग्रवाल के बड़े भाई अनिल कुमार अग्रवाल, विजय कुमार अग्रवाल एवं अन्य परिजनों से मिलकर शोक संवेदना व्यक्त की. इस अवसर पर वरिष्ठ समाजसेवी एवं पिछड़ा वर्ग आंदोलन के प्रांतीय संयोजक श्री काशीनाथ अग्रवाल जी तथा श्री रतन अग्रवाल जी भी अपने साथियों सहित उपस्थित रहे.

रांची से प्रतिनिधिमंडल रामगढ़ पहुँचा, जहाँ हाल ही में निर्मम हत्या के शिकार हुए स्व. सुमित अग्रवाल के परिजनों से भेंट कर उन्हें सांत्वना प्रदान की गई. आर्थिक रूप से विपन्न परिवार के प्रति सामाजिक उत्तरदायित्व का निर्वहन करते हुए झारखंड प्रादेशिक अग्रवाल सम्मेलन की ओर से आर्थिक सहयोग भी प्रदान किया गया. साथ ही सम्मेलन के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष ओमप्रकाश रिंगसिया की ओर से भी परिवार को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई गई.

इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष संदीप मुरारका ने कहा कि झारखंड प्रादेशिक अग्रवाल सम्मेलन केवल सामाजिक संगठन नहीं, बल्कि प्रत्येक अग्रवाल परिवार का अपना परिवार है. उन्होंने कहा कि झारखंड में किसी भी अग्रवाल परिवार पर यदि कोई संकट, दुर्घटना अथवा अप्रिय घटना आती है, तो सम्मेलन पूरी संवेदनशीलता एवं प्रतिबद्धता के साथ उसके साथ खड़ा रहेगा. समाज की पीड़ा ही सम्मेलन की पीड़ा है और प्रत्येक कार्यकर्ता संकट की हर घड़ी में अपने परिवार के सदस्य की तरह सहयोग करने के लिए सदैव तत्पर रहेगा.

प्रतिनिधिमंडल ने दोनों दिवंगत आत्माओं को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए ईश्वर से प्रार्थना की कि वे उन्हें अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें तथा शोकाकुल परिजनों को इस असहनीय दुःख को सहन करने की शक्ति, धैर्य एवं संबल प्रदान करें.