विधि-विधान से हुई पूजा-अर्चना,
गांधी मैदान में 10 दिवसीय गणेश महोत्सव का शुभारंभ
23 वर्षों से जारी है सार्वजनिक गणेश महोत्सव की परंपरा
उदय किशोर सिंह,
जामताड़ा। जामताड़ा के ऐतिहासिक गांधी मैदान में सोमवार से 10 दिवसीय सार्वजनिक गणेश पूजा महोत्सव का भव्य शुभारंभ हुआ। महोत्सव के प्रथम दिन भगवान गणेश की पूजा-अर्चना आचार्य पुरोहित रमाकांत पांडेय के द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार एवं विधि-विधान से संपन्न कराई जा रही है। मुख्य यजमान सुखसागर राय एवं उनकी पत्नी ने पूजा-अर्चना में भाग लेकर भगवान गणेश का आशीर्वाद लिया।
पूजा को लेकर गांधी मैदान में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ जुटने लगी। भगवान गणेश के दर्शन एवं पूजा-अर्चना के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। पूरे परिसर में भक्तिमय वातावरण बना हुआ है।
पूजा कमेटी के अनुसार 10 दिवसीय महोत्सव के दौरान प्रत्येक दिन सुबह विधि-विधान से भगवान गणेश की पूजा-अर्चना की जाएगी। इसके बाद आरती का आयोजन होगा। वहीं संध्या पहर भी नियमित रूप से आरती होगी। महोत्सव के दौरान श्रद्धालुओं के मनोरंजन के लिए रात्रि में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा, जिसका लोग भरपूर आनंद उठाएंगे।
बता दें कि जामताड़ा के गांधी मैदान में गणेश पूजा कमेटी द्वारा लगातार 23 वर्षों से सार्वजनिक गणेश महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। वर्षों से चली आ रही इस परंपरा को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह है। इस वर्ष भी महोत्सव को भव्य एवं आकर्षक बनाने के लिए विशेष तैयारियां की गई हैं।







