संथाल परगना के व्यापारिक हितों को मजबूती से उठाने और सक्रिय सहभागिता के लिए मिला सम्मान
जामताड़ा। फेडरेशन ऑफ झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज, रांची के चैंबर भवन में सत्र 2025-26 की अंतिम वार्षिक बैठक आयोजित हुई। इस अवसर पर जामताड़ा जिला चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के अध्यक्ष सह फेडरेशन ऑफ झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के संथाल परगना प्रमंडल के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष संजय अग्रवाल को उनके समर्पित एवं उत्कृष्ट योगदान के लिए प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
फेडरेशन के अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा एवं महासचिव रोहित अग्रवाल ने संजय अग्रवाल को प्रशस्ति पत्र प्रदान किया। प्रशस्ति पत्र में फेडरेशन ने उनके सत्र 2024-25 एवं 2025-26 के कार्यकाल के दौरान संगठन के प्रति समर्पण, अनुशासन और दायित्वबोध की सराहना की।
फेडरेशन ने कहा कि संजय अग्रवाल की कार्यकारिणी समिति की बैठकों में शत-प्रतिशत उपस्थिति और सक्रिय सहभागिता संगठन के प्रति उनकी प्रतिबद्धता का उत्कृष्ट उदाहरण है। उन्होंने संथाल परगना क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं, सुझावों तथा व्यापार एवं उद्योग जगत की आवाज को प्रभावी ढंग से फेडरेशन के समक्ष रखा, जिससे कई मुद्दों के समाधान की दिशा में सार्थक पहल हुई।
प्रशस्ति पत्र में फेडरेशन ने संथाल परगना के क्षेत्रीय हितों को मजबूती से उठाने तथा फेडरेशन, जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन और व्यापारिक समुदाय के बीच प्रभावी सेतु की भूमिका निभाने के लिए संजय अग्रवाल के योगदान की विशेष सराहना की। साथ ही उनके उज्ज्वल भविष्य और निरंतर सफलता की कामना की गई।







