BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

जामताड़ा में मतदाता सूची पुनरीक्षण की दावा-आपत्ति व सुनवाई की तैयारी पूरी


24 अगस्त से शुरू होगी दावा-आपत्ति और सुनवाई की प्रक्रिया
उदय किशोर सिंह,
जामताड़ा। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण के तहत 09 जामताड़ा विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र में 24 अगस्त 2026 से शुरू होने वाली दावा-आपत्ति एवं सुनवाई की प्रक्रिया को लेकर रविवार को बैठक आयोजित की गई। निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी सह अनुमंडल पदाधिकारी अनंत कुमार की अध्यक्षता में हुई बैठक में सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी सह अंचल अधिकारियों के स्तर पर गठित पेशकार टीमों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में सुनवाई की प्रक्रिया, केस रजिस्टर, नोटिस पंजी, नोटिस तामिला की पुष्टि तथा संबंधित अभिलेखों के संधारण के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई। क्लस्टरवार गठित पेशकार टीमों को सुनवाई के दौरान उपस्थित होने वाले मतदाताओं की उपस्थिति दर्ज करने और उनके दस्तावेज प्राप्त करने की प्रक्रिया भी समझाई गई।
एसडीओ ने निर्देश दिया कि सुनवाई की प्रक्रिया व्यवस्थित और सुगम तरीके से संपन्न कराई जाए तथा मतदाताओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए। साथ ही आवश्यक अभिलेखों का सही तरीके से संधारण करने और निर्धारित प्रक्रिया का पालन सुनिश्चित करने को कहा गया।
बैठक में संबंधित सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी एवं अन्य अधिकारी-कर्मी मौजूद रहे।