संत निरंकारी मिशन ने किया पौधरोपण, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश।
उदय किशोर सिंह
जामताड़ा, 23 अगस्त। संत निरंकारी चैरिटेबल फाउंडेशन के तत्वावधान में संत निरंकारी मिशन, जामताड़ा शाखा की ओर से रविवार को सरस्वती शिशु विद्या मंदिर, नामुपाड़ा परिसर में पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत प्रार्थना के साथ हुई।
मुख्य अतिथि जामताड़ा राजपरिवार के राजा नित्यगोपाल सिंह, विद्यालय के सचिव रमेश कुमार सिंह, प्रधानाचार्य प्रभाकर महतो एवं व्यवसायी-सामाजिक कार्यकर्ता संजय परसुरामका ने संयुक्त रूप से पौधरोपण कर अभियान की शुरुआत की। इस दौरान मिशन के सेवादारों के साथ स्थानीय गणमान्य लोगों ने भी पौधरोपण किया।
परिसर में आम, नीम, जामुन, आंवला, कटहल, काजू समेत फलदार, छायादार और औषधीय प्रजातियों के करीब 100 पौधे लगाए गए। जामताड़ा के मुखी महात्मा प्रहलाद ने बताया कि सतगुरु माता सुदीक्षा जी महाराज के आह्वान पर ‘वननेस वन’ परियोजना के तहत देशभर में पर्यावरण संरक्षण का अभियान चलाया जा रहा है। इसका उद्देश्य प्रकृति के साथ एकत्व स्थापित करना है।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल और संरक्षण की जिम्मेदारी लेने का संकल्प लिया।






