आपत्तिजनक धार्मिक टिप्पणी के बाद थंडारडीह में तनाव, पुलिस ने संभाला मोर्चा।
उदय किशोर सिंह,
जामताड़ा:
करमाटांड़ थाना क्षेत्र के थंडारडीह गांव में शनिवार देर शाम सोशल मीडिया पर कथित आपत्तिजनक धार्मिक टिप्पणी को लेकर तनाव उत्पन्न हो गया। फेसबुक पर भूदेव कुमार नाम के अकाउंट से इस्लाम धर्म की आस्था से जुड़े विषयों पर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी किए जाने की जानकारी सामने आने के बाद मुस्लिम समुदाय के लोगों में आक्रोश फैल गया। बड़ी संख्या में लोग कथित टिप्पणी करने वाले युवक के घर पहुंच गए और मकान को घेर लिया।
सूचना मिलने पर करमाटांड़ थाना प्रभारी अलखनाथ चौबे पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। भीड़ को नियंत्रित करने के दौरान पुलिस और लोगों के बीच धक्का-मुक्की होने की सूचना है। इस दौरान पुलिस वाहनों में तोड़फोड़ और युवक के घर को नुकसान पहुंचाए जाने की बात भी सामने आई है। हालांकि, इन घटनाओं की आधिकारिक पुष्टि फिलहाल नहीं हुई है।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल को गांव में भेजा गया। प्रशासन ने लोगों से संयम बरतने और अफवाहों से दूर रहने की अपील की।
स्थिति नियंत्रण में, जांच जारी
जामताड़ा एसडीपीओ वसीम राजा ने बताया कि फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है। विधि व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। मौके पर सिविल एसडीओ अनंत कुमार भी मौजूद रहे।
सूत्रों के अनुसार, कथित टिप्पणी करने वाले युवक को पुलिस हिरासत में लेकर करमाटांड़ थाना ले गई है। पुलिस सोशल मीडिया पोस्ट की सत्यता, टिप्पणी की परिस्थितियों और इसके बाद हुई घटनाओं से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।






