मिहिजाम स्टेडियम की निर्माणाधीन चहारदीवारी ढही, घटिया निर्माण के आरोप
जामताड़ा। मिहिजाम नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड नंबर 20 में निर्माणाधीन मिहिजाम स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स (फुटबॉल स्टेडियम) की चहारदीवारी ढह गई। निर्माण कार्य के शुरुआती दौर में ही दीवार गिरने से स्थानीय लोगों ने निर्माण की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल उठाए हैं। लोगों का आरोप है कि निर्माण में घटिया सामग्री का इस्तेमाल किया जा रहा है और विभागीय स्तर पर पर्याप्त निगरानी नहीं हो रही है।
बताया गया कि झारखंड सरकार के मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने इस स्टेडियम को आधुनिक सुविधाओं से युक्त विश्वस्तरीय खेल परिसर के रूप में विकसित करने की बात कही थी। ऐसे में निर्माणाधीन दीवार के गिरने से परियोजना की गुणवत्ता पर सवाल खड़े हो गए हैं।
खास बात यह है कि दीवार गिरने से कुछ दिन पहले उपायुक्त आलोक कुमार ने निर्माण स्थल का औचक निरीक्षण किया था। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर नाराजगी जताते हुए संबंधित लोगों को आवश्यक निर्देश दिए थे। इसके बावजूद निर्माणाधीन दीवार के गिरने की घटना सामने आई है। परिसर के अन्य हिस्सों में बनी कुछ दीवारों के झुकने की बात भी सामने आ रही है, जिससे हादसे की आशंका बनी हुई है।
मामले में कनीय अभियंता सत्यप्रकाश दास से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन सवाल पूछे जाने पर फोन काट दिए जाने की बात कही गई।
घटना के बाद स्थानीय युवाओं और खेल प्रेमियों में नाराजगी है। लोगों ने पूरे निर्माण कार्य की उच्चस्तरीय जांच कराने, गुणवत्ता की जांच कराने, दोषी ठेकेदार पर कार्रवाई करने और लापरवाह अधिकारियों की जिम्मेदारी तय करने की मांग की है।






