सदर अस्पताल में इलाज में देरी का आरोप, घायल सुनील राम की मौत से बवाल
परिजनों ने ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर पर लगाया अनदेखी का आरोप, JLKM नेताओं ने की कार्रवाई की मांग
पलामू: गढ़वा सदर अस्पताल में सड़क दुर्घटना में घायल चिनिया निवासी सुनील राम की मौत के बाद परिजनों में आक्रोश है। परिजनों ने अस्पताल में समय पर इलाज नहीं मिलने का आरोप लगाते हुए ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
परिजनों के अनुसार, सुनील राम पैदल जा रहे थे, तभी एक बाइक सवार ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल सुनील राम को इलाज के लिए सदर अस्पताल लाया गया।
डॉक्टर पर लापरवाही का आरोप
परिजनों का आरोप है कि अस्पताल पहुंचने के बाद उन्होंने ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर राजेश कुमार मालवा से तत्काल इलाज शुरू करने की गुहार लगाई, लेकिन उनकी बातों को अनसुना कर दिया गया। परिजनों के मुताबिक, रात करीब 11 बजे घायल सुनील राम की मौत हो गई। उन्होंने आरोप लगाया कि डॉक्टर मरीज को देखने के लिए उनकी मौत के बाद पहुंचे।
JLKM नेताओं ने की कार्रवाई की मांग
घटना की सूचना पर JLKM के पूर्व जिलाध्यक्ष विकास कुमार, पलामू प्रमंडल महासचिव पंकज कुमार कुशवाहा, जिला सचिव वीर कुमार चौरसिया, अजीत कुमार समेत कई नेता अस्पताल पहुंचे। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की। हालांकि, आरोपों पर अस्पताल प्रबंधन का आधिकारिक पक्ष सामने नहीं आया है।






