बाबा गणिनाथ गोविंद महाराज का 42वां वार्षिक महोत्सव धूमधाम से संपन्न
मेदिनीनगर: अखिल भारतीय मध्यदेशीय वैश्य सभा (हलवाई समाज), पलामू जिला के तत्वावधान में परम पूज्य बाबा गणिनाथ गोविंद महाराज का 42वां वार्षिक महोत्सव शनिवार को स्थानीय दीनदयाल सभागार (टाउन हॉल) में धूमधाम से संपन्न हुआ। कार्यक्रम में पलामू जिले के विभिन्न क्षेत्रों से समाज के हजारों लोग शामिल हुए।
महोत्सव की शुरुआत बाबा गणिनाथ महाराज की विधिवत पूजा-अर्चना से हुई। पुरोहित महेंद्र प्रसाद ने पूजा संपन्न कराई। जजमान मनोहर कुमार अपनी पत्नी के साथ पूजा में शामिल हुए। इस दौरान 101 महिलाओं ने भी पूजा-अर्चना में भाग लिया। इसके बाद समाज का झंडोत्तोलन किया गया। जिला अध्यक्ष प्रभात कुमार गुप्ता, पूजा समिति के अध्यक्ष रंजन कुमार, राष्ट्रीय अध्यक्ष मनोहर कुमार लाली, विनय कुमार बिनु सहित समाज के कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। पूजा समिति की महिला सदस्यों ने श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया।
इसके बाद मुख्य समारोह का शुभारंभ जिला शिक्षा पदाधिकारी संदीप कुमार और पुलिस अवर निरीक्षक रमाकांत कुमार गुप्ता ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। समारोह में समाज की एकजुटता, शिक्षा और सांस्कृतिक विरासत को आगे बढ़ाने पर जोर दिया गया।
महोत्सव के दौरान विभिन्न खेलकूद प्रतियोगिताओं के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए गए। सांस्कृतिक कार्यक्रम में रोहित गुप्ता की प्रस्तुति ने लोगों को झूमने पर मजबूर कर दिया। मंच संचालन अमर कुमार गुप्ता ने किया।
कार्यक्रम में पूजा समिति के महामंत्री विजय प्रसाद, कोषाध्यक्ष दीपक प्रसाद, महेंद्र प्रसाद, दशरथ गुप्ता, अनिल, सुनील, ब्रजेश, धर्मेंद्र, उमेश प्रसाद, विजय कुमार उर्फ पिंटू, राजकुमार, दामोदर प्रसाद, महावीर प्रसाद, अमलेश प्रसाद, खेल प्रभारी आशीष, प्रदीप गुप्ता, राजेश, विजय प्रसाद लेस्लीगंज, शिक्षक अमर कुमार, विवेक, सूरज नारायण, सुनील कुमार मुन्ना, अमन, अमित, सुरेंद्र (सतबरवा), मनोज (हरिहरगंज), वासुदेव प्रसाद (रांची) सहित बड़ी संख्या में समाज के लोग उपस्थित रहे।






