BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

वृद्ध ससुर ने टांगी से वार कर दामाद की हत्या की, आरोपी गिरफ्तार


छतरपुर (पलामू) :  छतरपुर थाना क्षेत्र के भिखही गांव में वृद्ध ससुर द्वारा अपने दामाद की हत्या किए जाने के मामले का पुलिस ने उद्भेदन कर दिया है। पुलिस ने मामले में प्राथमिकी अभियुक्त 81 वर्षीय जगदेव भुइयाँ को गिरफ्तार कर लिया है। उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त टांगी भी बरामद कर जब्त की गई है।
पुलिस के अनुसार, 20 सितंबर 2026 को गांधी भुइयाँ की धारदार हथियार से हत्या की सूचना मिली थी। मृतक के भाई के आवेदन के आधार पर छतरपुर थाना कांड संख्या 152/2026, धारा 103(1)/238 बीएनएस के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई। इसके बाद पुलिस अधीक्षक पलामू कपिल चौधरी के निर्देश पर एसडीपीओ छतरपुर प्रशांत कुमार के नेतृत्व में टीम गठित कर आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की गई।
पुलिस ने बताया कि 22 सितंबर को प्राथमिकी अभियुक्त जगदेव भुइयाँ को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपी ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त टांगी बरामद की गई।
पुलिस के अनुसार, घटना का कारण मृतक का आए दिन शराब के नशे में पत्नी निर्मला देवी और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ मारपीट करना बताया गया है। पुलिस के मुताबिक, घटना के दिन भी गांधी भुइयाँ नशे की हालत में अपने ससुर और परिवार के अन्य सदस्यों के सामने अपनी नतिनी के साथ मारपीट एवं बदसलूकी करने लगा। इसी दौरान आक्रोशित होकर जगदेव भुइयाँ ने टांगी से प्रहार कर उसकी हत्या कर दी।
छापामारी दल में थाना प्रभारी सह पु0अ0नि0 सौरभ चौबे, अनुसंधानकर्ता पु0अ0नि0 धनंजय गोप, हवलदार सुन्दर प्रसाद और आरक्षी 217 अमरजीत कुमार शामिल थे।