BREAKING NEWS

logo

बंशी बिगहा मोड़ से ऊपरी कला मुख्य सड़क पर बह रहा नाली का गंदा पानी और गड्ढे,दिव्यांग संघ ने एसडीओ व थाना प्रभारी को सौंपा आवेदन, तत्काल मरम्मत की मांग


हुसैनाबाद:कृष्णा यादव
 

हुसैनाबाद: हुसैनाबाद प्रखण्ड के बंशी बिगहा मुख्य मार्ग पर गंदा नाली का पानी बहाए जाने और सड़क के जर्जर होने से हो रही परेशानी को लेकर पलामू दिव्यांग संघ ने मोर्चा खोल दिया है। संघ के जिला अध्यक्ष उमेश कुमार मेहता के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने शुक्रवार को अनुमंडल पदाधिकारी, हुसैनाबाद और थाना प्रभारी, हुसैनाबाद को लिखित आवेदन सौंपकर तत्काल कार्रवाई की मांग की। 
आवेदन में कहा गया है कि बंसी बीघा मोड़ से उपरी कला क्षेत्र तक मुख्य सड़क पर घरों का नाली का गंदा पानी लगातार बहाया जा रहा है। इससे सड़क पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है और जगह-जगह गहरे गड्ढे व जलजमाव हो गया है।
इस कारण प्रतिदिन हजारों राहगीरों, स्कूली बच्चों, महिलाओं, बुजुर्गों और बड़ी संख्या में दिव्यांगजनों को जान जोखिम में डालकर आवागमन करना पड़ रहा है। किसी भी समय बड़ी दुर्घटना की आशंका बनी हुई है।संघ ने आवेदन में दिव्यांगजन अधिकार अधिनियम, 2016 का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रत्येक दिव्यांग व्यक्ति को सुरक्षित, बाधारहित एवं सम्मानजनक आवागमन का अधिकार है। सार्वजनिक सड़कें ऐसी होनी चाहिए कि दिव्यांगजन बिना बाधा के उनका उपयोग कर सकें।
सड़क की बदहाल स्थिति और जानबूझकर गंदा पानी बहाने से दिव्यांगजनों के आवागमन में बाधा उत्पन्न हो रही है, जो सीधे अधिनियम की भावना के विपरीत है। यह प्रशासन की जिम्मेदारी है कि ऐसी बाधाओं को तुरंत दूर किया जाए।
संघ ने सड़क पर गंदा पानी बहाने वाले दोषी व्यक्तियों पर तत्काल कानूनी कार्रवाई हो ,स्थायी जल निकासी की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए,क्षतिग्रस्त सड़क की शीघ्र मरम्मत कराई जाए ,दिव्यांगजन अधिकार अधिनियम के अनुरूप सुरक्षित एवं बाधारहित आवागमन सुनिश्चित किया जाए।  
जिला अध्यक्ष उमेश कुमार मेहता ने कहा कि यह सिर्फ सड़क की समस्या नहीं है, बल्कि जनस्वास्थ्य, सड़क सुरक्षा और दिव्यांगजनों के संवैधानिक अधिकारों से जुड़ा गंभीर विषय है।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन द्वारा शीघ्र प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई, तो पलामू दिव्यांग संघ दिव्यांग अधिकारों की रक्षा के लिए लोकतांत्रिक एवं वैधानिक स्तर पर आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा।