चार प्रखंडों में 10 विकास योजनाओं का शिलान्यास, विधायक नरेश प्रसाद सिंह ने दी सौगात
क्षेत्र का सर्वांगीण विकास है प्राथमिकता : नरेश सिंह
पलामू: विश्रामपुर विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को गति देने के उद्देश्य से विधायक नरेश प्रसाद सिंह ने सोमवार को चार प्रखंडों में 10 विकास योजनाओं का शिलान्यास किया। इन योजनाओं में विभिन्न गांवों में सड़क सुदृढ़ीकरण, विद्यालय के अतिरिक्त भवन तथा पुलिया निर्माण के कार्य शामिल हैं। विधायक ने शिलापट्ट का अनावरण करने के बाद नारियल फोड़कर योजनाओं का शुभारंभ किया।
शिलान्यास की गई योजनाओं में ऊंटारी रोड प्रखंड के कुल्ही गांव में सड़क सुदृढ़ीकरण का कार्य शामिल है। वहीं, विश्रामपुर प्रखंड के बघमनवा, सिगसिगी, निमियां और टोना गांव में सड़क सुदृढ़ीकरण कराया जाएगा। इसके अलावा +2 जनता उच्च विद्यालय में अतिरिक्त भवन का निर्माण तथा शंकरडीह में पुलिया का निर्माण किया जाएगा।
इसी क्रम में पांडू प्रखंड के कांती और कजरू खुर्द गांव में सड़क सुदृढ़ीकरण का कार्य कराया जाएगा। वहीं, नावाबाजार प्रखंड के चनेया गांव में भी सड़क सुदृढ़ीकरण की योजना का शिलान्यास किया गया।
इस अवसर पर विधायक नरेश प्रसाद सिंह ने कहा कि विश्रामपुर विधानसभा क्षेत्र का सर्वांगीण विकास उनकी प्राथमिकता है। ग्रामीण क्षेत्रों में सड़कों की स्थिति बेहतर होने से लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी और उनकी परेशानियां कम होंगी। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में विकास से जुड़ी योजनाओं को धरातल पर उतारने और विकास कार्यों को पूरा कराने के लिए वे प्रतिबद्ध हैं।
शिलान्यास कार्यक्रम में वरिष्ठ समाजसेवी हरिनाथ प्रसाद, जिला पार्षद विजय रविदास, विधायक प्रतिनिधि सुनील बैठा, सुनील शर्मा, कृष्णकांत यादव उर्फ मुन्ना यादव, हेसामुद्दीन अंसारी, राजद प्रखंड अध्यक्ष सत्येंद्र यादव, सामाजिक कार्यकर्ता मनोज चौधरी, शिक्षक नेता भरदुल पासवान, मनोज सिंह, महेंद्र यादव, सिराजुद्दीन अंसारी, दीपक मेहता तथा संवेदक अनूप जायसवाल समेत काफी संख्या में लोग उपस्थित थे।






