BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

गढ़वा रोड स्टेशन बना ‘वाटर पार्क’, छत से टपका पानी, यात्री परेशान


पलामू: गढ़वा रोड रेलवे स्टेशन की व्यवस्था की एक तस्वीर इन दिनों रेलवे की यात्री सुविधाओं के दावों पर सवाल खड़े कर रही है। लगातार हो रही बारिश के बीच स्टेशन परिसर में छत से पानी टपकने लगा है। फर्श पर जगह-जगह पानी जमा होने से यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थिति यह है कि यात्रियों को बैठने की सुविधा तो दूर, बारिश के दौरान खड़े रहने के लिए भी सूखी जगह तलाशनी पड़ रही है। स्टेशन परिसर में पानी फैलने के कारण यात्रियों, महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों को विशेष परेशानी हो रही है।
स्थानीय यात्रियों का कहना है कि गढ़वा रोड रेलवे स्टेशन क्षेत्र का महत्वपूर्ण स्टेशन है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में यात्री आवागमन करते हैं। ऐसे में बारिश के मौसम में स्टेशन की छत से पानी का रिसाव और शेड टीन का नहीं होना सुविधाओं की व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़ा करता है।
यात्रियों का सवाल है कि जब रेलवे स्टेशनों के आधुनिकीकरण और यात्री सुविधाओं को लेकर लगातार दावे किए जा रहे हैं, तो गढ़वा रोड स्टेशन की छत बारिश में क्यों जवाब दे रही है?
तस्वीर देखकर व्यंग्यात्मक तौर पर यात्री कह रहे हैं
“गढ़वा रोड स्टेशन पर आपका स्वागत है… बारिश में ट्रेन का इंतजार करना है तो पहले पानी से बचने की जगह तलाश लीजिए!”
यात्रियों ने रेलवे के संबंधित अधिकारियों से स्टेशन की व्यवस्था और यात्री सुविधाओं की जांच कराकर समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग की है।