हुसैनाबाद अनुमंडल क्षेत्र में वज्रपात का कहर, महिला की मौत, पांच घायल, दो रेफर
हुसैनाबाद: कृष्णा यादव
हुसैनाबाद:पलामू जिला के हुसैनाबाद अनुमंडल क्षेत्र में मंगलवार दोपहर बारिश के साथ हुए वज्रपात में अलग-अलग स्थानों पर हुई तीन घटनाओं में एक महिला की मौत हो गई, जबकि अन्य पांच लोग घायल हो गए। सभी घायलों को अनुमंडलीय अस्पताल हुसैनाबाद में भर्ती कराया गया,जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल दो लोगों को बेहतर इलाज के लिए मेदिनीनगर सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। पहली घटना मोहम्मदगंज थाना क्षेत्र के गाजी बिहरा गांव की है। प्राप्त जानकारी के अनुसार खेत में धान रोपनी कर रही महिलाएं अचानक हुई बज्रपात की चपेट में आ गए। जिसमें 38 वर्षीय पुष्पा देवी की मौत हो गई। वहीं कविता देवी 28 वर्ष और पार्वती देवी 65 वर्ष घायल हो गईं। तीनों गाजी बिहरा गांव की निवासी हैं।दूसरी घटना हैदरनगर थाना क्षेत्र के बिलासपुर के समीप हुई। बिलासपुर निवासी 45 वर्षीय सीताराम पासवान खेत में काम कर रहे थे। तभी बारिश शुरू हो गया, उसी जगह पास में भेड़ चरा रहे रघुनाथ पाल भी बारिश आने पर पास स्थित पीपल के पेड़ के नीचे शरण लेने पहुंचे। तभी तेज गर्जना के साथ वज्रपात हुआ और दोनों इसकी चपेट में आ गए। आसपास के लोगों ने दोनों को अनुमंडलीय अस्पताल हुसैनाबाद पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए मेदिनीनगर सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। वहीं बज्रपात की हुई एक अन्य घटना में सरगड़ा निवासी पिंटू पाल, उम्र 24 वर्ष भी गंभीर रूप से घायल हो गए जिनका इलाज़ अनुमंडलीय अस्पताल हुसैनाबाद में किया जा रहा है।


.jpg)



