BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

कवलबास गर्ल्स हाई स्कूल, छतरपुर में ‘राखी बनाओ एवं डाक से भेजो’ प्रतियोगिता का आयोजन


छतरपुर :  भारतीय डाक विभाग के तत्वावधान में कवलबास गर्ल्स हाई स्कूल, छतरपुर में ‘राखी बनाओ एवं डाक से भेजो’ प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य छात्राओं को रक्षाबंधन के पावन अवसर पर भारतीय डाक सेवा के माध्यम से अपने प्रियजनों तक राखी भेजने के लिए प्रेरित करना तथा डाक सेवाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाना था।
प्रतियोगिता में विद्यालय की बड़ी संख्या में छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। छात्राओं ने अपनी रचनात्मक प्रतिभा का परिचय देते हुए आकर्षक हस्तनिर्मित राखियां तैयार कीं। विशेष बात यह रही कि कई छात्राओं ने पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए प्राकृतिक एवं इको-फ्रेंडली सामग्री का उपयोग कर राखियां बनाईं, जो उनकी रचनात्मकता के साथ-साथ प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता को भी दर्शाता है।
इस अवसर पर विद्यालय की प्रधानाचार्या मधुवाला मैडम ने छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए रक्षाबंधन पर्व के सांस्कृतिक एवं सामाजिक महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में सृजनात्मकता, सामाजिक जिम्मेदारी और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता विकसित करने में सहायक होते हैं।
कार्यक्रम का सफल आयोजन भारतीय डाक विभाग की ओर से रिलेशनशिप मैनेजर सूरज मीणा के मार्गदर्शन में किया गया। उन्होंने छात्राओं को डाक विभाग के माध्यम से राखी भेजने की प्रक्रिया, समयबद्ध डाक सेवा तथा विभाग द्वारा संचालित विभिन्न जनहितकारी योजनाओं की जानकारी दी।

कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागी छात्राओं की सराहना की गई। विद्यालय परिवार ने भारतीय डाक विभाग के इस सकारात्मक एवं प्रेरणादायी प्रयास के लिए आभार व्यक्त किया और भविष्य में भी ऐसे रचनात्मक आयोजनों के लिए सहयोग की अपेक्षा जताई।