BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

एनएच पर गिरा विशाल शीशम का पेड़, एक घंटे ठप रहा वाहनों का परिचालन


राँची एक्सप्रेस संवाददाता बेंगाबाद
 
बेंगाबाद-गिरिडीह एनएच पथ पर मंगलवार की शाम बनहती के समीप सड़क किनारे खड़ा विशाल शीशम का पुराना पेड़ अचानक मुख्य सड़क पर धराशायी हो गया। पेड़ के सड़क पर गिरने से एनएच पर करीब एक घंटे तक वाहनों का परिचालन पूरी तरह ठप रहा। इससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई और यातायात व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित हुई। जानकारी के अनुसार, मंगलवार शाम करीब चार बजे क्षेत्र में झमाझम बारिश के साथ हल्की हवा चल रही थी। इसी दौरान बनहती के पास सड़क किनारे जर्जर हालत में खड़ा विशाल शीशम का पेड़ अचानक उखड़कर एनएच के बीचोंबीच गिर पड़ा। संयोगवश पेड़ गिरने के समय सड़क से कोई वाहन नहीं गुजर रहा था, जिससे बड़ा हादसा टल गया। यदि उस समय कोई वाहन पेड़ की चपेट में आ जाता तो गंभीर दुर्घटना की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता था। घटना की सूचना मिलते ही बेंगाबाद थाना के एसआई विजय मंडल सदलबल मौके पर पहुंचे। वहीं वन विभाग के प्रभारी वनपाल रोहित पंडित, वनरक्षी पवन चौधरी, विनोद कुमार, दाउद आलम सहित अन्य कर्मी भी घटनास्थल पर पहुंचे। स्थानीय लोगों के सहयोग से पेड़ की डालियों को काटकर हटाया गया तथा जेसीबी मशीन की मदद से पेड़ को सड़क से किनारे किया गया। इसके बाद एनएच पर आवागमन सुचारू हो सका और वाहन अपने गंतव्य की ओर रवाना हुए।