देवगन में 35 वर्षीय धर्मेन्द्र राम की हत्या, बसपा ने की 50 लाख मुआवजे और सरकारी नौकरी की मांग
छतरपुर : बहुजन समाज पार्टी के तत्वावधान में बसपा नेताओं ने छतरपुर अनुमंडल पदाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर गत 01.08.2026 को ग्राम-देवगन निवासी धर्मेन्द्र राम उम्र 35 वर्ष की हत्या के मामले में त्वरित कार्रवाई की मांग की है।
ज्ञापन में बसपा पलामू जोन प्रभारी सह हुसैनाबाद नगर अध्यक्ष अजय कुमार भारती, जिला अध्यक्ष संतोष कुमार गुप्ता, जिला महासचिव सुहेल हक, छतरपुर विधानसभा क्षेत्र प्रभारी अजय कुमार और बसंत चंद्रवंशी सहित अन्य नेताओं ने सामूहिक रूप से मांग रखी।
नेताओं ने कहा कि मृतक के पिता सहदेव राम के बयान के आधार पर घटना स्थल पर जाकर जानकारी ली गई। इसके बाद मृतक के परिजनों से भी मुलाकात कर सांत्वना दी गई।
बसपा नेताओं ने जिला प्रशासन से मांग की है कि इस घटना में शामिल अपराधियों को अविलंब चिन्हित कर उन पर सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही पलामू जिला प्रशासन एवं झारखंड सरकार से मृतक के आश्रितों को सरकारी नौकरी एवं 50 लाख रुपये मुआवजा देने की मांग की गई।
उन्होंने यह भी कहा कि मृतक के आश्रितों एवं छोटे-छोटे बच्चों के लिए शिक्षा, स्वास्थ्य और रहने की समुचित व्यवस्था की जाए।
इस अवसर पर बसपा नेताओं ने कहा कि पार्टी पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है और न्याय मिलने तक आंदोलन जारी रहेगा।
ज्ञापन की प्रतिलिपि अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी छतरपुर, प्रखंड विकास पदाधिकारी छतरपुर और थाना प्रभारी छतरपुर को भी दी गई है।




.jpeg)

