BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

मानदेय भुगतान को लेकर हुसैनाबाद प्रखंड के आउटसोर्सिंग कर्मियों ने बीडीओ से लगाई गुहार


हुसैनाबाद:कृष्णा यादव 

हुसैनाबाद हुसैनाबाद प्रखंड कार्यालय में विभिन्न योजनाओं के तहत कार्यरत आउटसोर्सिंग  कर्मियों ने लंबे समय से लंबित मानदेय के भुगतान की मांग को लेकर प्रखंड विकास पदाधिकारी को लिखित आवेदन सौंपा है।
आवेदन में कर्मियों ने बताया है कि वे ग्रामीण विकास विभाग की विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों के अंतर्गत प्रखंड कार्यालय तथा पीएमयू में कार्यरत हैं। आवेदन के अनुसार, नियमित एवं संविदा कर्मियों को छोड़कर कंप्यूटर ऑपरेटर, गृह रक्षक, एमटीएस समेत अन्य कर्मियों की सेवा बाह्यस्रोत एजेंसी के माध्यम से ली जा रही है।
कर्मियों का कहना है कि उनके द्वारा कार्यालय में ऑनलाइन और ऑफलाइन कार्य, रिपोर्ट तैयार करने, पत्रों की टंकण सहित सरकार के विभिन्न कार्यक्रमों एवं योजनाओं से संबंधित कार्य समय पर पूरा किया जाता है। इसके बावजूद जुलाई 2025 के बाद से मानदेय का भुगतान नहीं हुआ है। आवेदन में बताया गया है कि जुलाई 2025 तक ही अंतिम बार मानदेय प्राप्त हुआ था और उसके बाद करीब 12 माह का भुगतान लंबित है।
कर्मियों ने यह भी आरोप लगाया कि EPF और अन्य कटौती एजेंसी द्वारा की गई है, लेकिन उसकी स्पष्ट जानकारी उन्हें नहीं दी गई है। लंबे समय से मानदेय नहीं मिलने के कारण कर्मियों के सामने परिवार के भरण-पोषण, बच्चों की पढ़ाई, बुजुर्गों की दवा और राशन जैसी जरूरी जरूरतों को पूरा करने में परेशानी हो रही है।
आवेदन में कहा गया है कि आर्थिक तंगी के कारण कर्मियों पर लगातार कर्ज का बोझ बढ़ रहा है। कई दुकानदार और अन्य लोग उधार देने से इनकार कर रहे हैं। ऐसी स्थिति में कर्मियों ने प्रशासन से शीघ्र लंबित मानदेय का भुगतान कराने की मांग की है।
कर्मियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द मानदेय का भुगतान नहीं किया गया तो वे सामूहिक अवकाश पर जाने को बाध्य होंगे। उन्होंने प्रखंड विकास पदाधिकारी से उनकी आर्थिक स्थिति को देखते हुए मामले में तत्काल हस्तक्षेप कर बकाया मानदेय का भुगतान कराने की गुहार लगाई है।