BREAKING NEWS

logo

प्रसिद्ध समाजसेवी एवं एसएन त्रिपाठी ट्रस्ट के मुख्य संरक्षक ध्रुव शंकर दुबे का निधन, पलामू में शोक की लहर


मेदिनीनगर : पलामू प्रमंडल ने एक ऐसी शख्सियत को खो दिया जिसने समाज सेवा और औद्योगिक क्षेत्र, दोनों में अपनी अमिट छाप छोड़ी। डालमियानगर सीमेंट फैक्ट्री के पूर्व प्रोडक्शन मैनेजर एवं विख्यात समाजसेवी श्री ध्रुव शंकर दुबे जी का 5 जुलाई 2026 को 88 वर्ष की आयु में डाल्टेनगंज में निधन हो गया। उनके असामयिक निधन से समूचे पलामू प्रमंडल में शोक की लहर दौड़ गई है।
उनके सुपुत्र एवं वरिष्ठ अधिवक्ता शशि भूषण दुबे ने बताया कि पिताजी का स्वास्थ्य अचानक बिगड़ गया था। उन्हें तत्काल आशी लाइफ केयर हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया, परंतु तमाम प्रयासों के बावजूद चिकित्सक उन्हें बचा नहीं सके। उनका अंतिम संस्कार डाल्टेनगंज चांद घाट पर किया गया। उनके बड़े पुत्र शशि भूषण दुबे जी ने मुखाग्नि दी। इसके पश्चात त्रिपाठी कॉलोनी से पूरे सम्मान के साथ अन्य कार्यक्रम संपन्न किया जाएगा।
श्री दुबे का जीवन सेवा, सादगी और समर्पण का प्रतीक था। वे न केवल एक कुशल प्रबंधक थे, बल्कि जरूरतमंदों के लिए हमेशा तत्पर रहने वाले सच्चे समाजसेवी भी थे। रिश्तों में भी वे उतने ही आदरणीय थे- वे पूर्व विधायक एवं हाई कोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता स्वर्गीय सच्चिदानंद त्रिपाठी के बड़े दामाद थे।
उनके निधन पर झारखंड सरकार के पूर्व मंत्री केएन त्रिपाठी, अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष रामदेव यादव, महासचिव अजय पांडे, अधिवक्ता रुचि तिवारी, नगर निगम के महापौर अरुणा शंकर उप महापौर मनोज सिंह, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष सुरेंद्र प्रसाद सिंह, पलामू जिला बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष बलराम तिवारी राजेंद्र तिवारी कमलेश दुबे सिकंदर दुबे राजेश दुबे, महेंद्र तिवारी, रामप्रवेश रजक समेत  सैकड़ों अधिवक्ताओं, समाजसेवियों एवं प्रबुद्धजनों ने गहरी शोक-संवेदना व्यक्त की है। सभी ने उन्हें एक कर्मठ, विनम्र और प्रेरणादायी व्यक्तित्व के रूप में याद किया।
श्री दुबे अपने पीछे पत्नी, दो पुत्रों  सहित भरा-पूरा संस्कारी परिवार छोड़ गए हैं। उनका जीवन हम सभी के लिए निस्वार्थ सेवा और कर्तव्यनिष्ठा की मिसाल रहेगा। उनके दोनों पुत्र शशि भूषण दुबे और छोटे पुत्र रवि भूषण दुबे अधिवक्ता हैं।
ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा शोक संतप्त परिवार को यह दुःख सहने की शक्ति प्रदान करें। उल्लेखनीय है कि गढ़वा जिला के मझिआंव थाना अंतर्गत  आछोडीह गांव के वैष्णो मंदिर के संस्थापक भी संस्थापक सदस्य भी रहे थे। उल्लेखनीय है कि वे मूलतः बिहार राज्य के रोहतास जिला के नौहट्टा गांव के निवासी थे। जपला सीमेंट फैक्ट्री कामगार यूनियन के महासचिव के पद पर भी काम किए थे।