BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

ऋतु हत्याकांड: धरने पर पहुंचे कांग्रेस जिलाध्यक्ष, एसपी से की दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग


पीड़ित परिवार से मिलीं बिमला कुमारी, कहा—नाबालिग बच्ची के परिवार को हर हाल में मिलना चाहिए न्याय

मेदिनीनगर। चैनपुर की 10 वर्षीय बच्ची ऋतु हत्याकांड में न्याय की मांग को लेकर पीड़ित बच्ची के माता-पिता द्वारा कचहरी स्थित जिला परिषद कार्यालय के समक्ष अनिश्चितकालीन धरना दिया जा रहा है। शुक्रवार को धरना स्थल पर पहुंचकर पलामू जिला कांग्रेस अध्यक्ष बिमला कुमारी ने पीड़ित परिवार से मुलाकात की और पूरे मामले की जानकारी ली।
बिमला कुमारी ने पीड़ित परिवार को सांत्वना देते हुए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। उन्होंने परिवार की मांगों को गंभीरता से सुना और कहा कि बच्ची के साथ हुई घटना बेहद गंभीर है। मामले में पीड़ित परिवार को शीघ्र न्याय मिलना चाहिए तथा जांच में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
धरना स्थल से ही कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने पलामू एसपी से फोन पर बातचीत की और हत्याकांड में शामिल अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी तथा उनके विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की। उन्होंने पुलिस से मामले की निष्पक्ष एवं त्वरित जांच सुनिश्चित करने का आग्रह किया।
बिमला कुमारी ने कहा कि नाबालिग बच्ची के साथ हुई इस घटना में पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए कांग्रेस उनके साथ खड़ी है। जब तक परिवार को न्याय नहीं मिलता, पार्टी हरसंभव सहयोग करती रहेगी।
धरना स्थल पर जिला उपाध्यक्ष राजेश चौरसिया, सतेंद्र सिंह, रिजवान खान, अशोक सिंह, कमला पुरी, NSUI जिला अध्यक्ष आशीष ठाकुर सहित अन्य लोग मौजूद थे।