भाजपा जिला कार्यालय में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती पर संगोष्ठी आयोजित
पलामू : भारतीय जनता पार्टी के मेदिनीनगर जिला कार्यालय में सोमवार को डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती के अवसर पर संगोष्ठी एवं श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी तथा उनके व्यक्तित्व एवं राष्ट्र निर्माण में योगदान पर विस्तार से चर्चा की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष अमित कुमार तिवारी ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी महान राष्ट्रवादी चिंतक, प्रखर शिक्षाविद् और स्वतंत्र भारत के प्रथम उद्योग एवं आपूर्ति मंत्री थे। उन्होंने राष्ट्र की एकता, अखंडता और सांस्कृतिक राष्ट्रवाद के लिए अपना पूरा जीवन समर्पित कर दिया। उन्होंने कहा कि डॉ. मुखर्जी का संकल्प "एक देश में दो विधान, दो प्रधान और दो निशान नहीं चलेंगे" आज भी देशवासियों के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने सिद्धांतों के लिए मंत्री पद का त्याग किया और आगे चलकर जनसंघ की स्थापना की। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार उनके सपनों को साकार करने की दिशा में कार्य कर रही है।
वक्ताओं ने कहा कि डॉ. मुखर्जी ने स्वतंत्र भारत के औद्योगिक विकास की मजबूत नींव रखी और राष्ट्रीय एकता के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया। उनके विचार आज भी आत्मनिर्भर, सशक्त और विकसित भारत के निर्माण में मार्गदर्शक हैं।
इस अवसर पर प्रेम सिंह ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का जीवन त्याग, सेवा, राष्ट्रभक्ति और दृढ़ संकल्प का प्रतीक है। उनके आदर्श युवाओं को राष्ट्रहित में कार्य करने की प्रेरणा देते हैं।
कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने डॉ. मुखर्जी के बताए मार्ग पर चलने तथा राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर दुर्गा जौहरी, विजयानंद पाठक, अभिमन्यु तिवारी, विजय ठाकुर, अजय सिंह, विश्वजीत पाठक, लवली गुप्ता, बीपी शुक्ला, रीना किशोर, श्वेतांक गर्ग, विपुल गुप्ता, सतीश पासवान, सरवन गुप्ता, सुनील तिवारी, प्रकाश राय, प्रफुल्ल तिवारी, अनिल राम सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।





