BREAKING NEWS

logo

देर रात तक चला एसआईआर-2026 का काम, उपायुक्त ने डिजिटाइजेशन केंद्रों का लिया जायजा


मेदिनीनगर: जिले में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर-2026) अभियान के तहत मतदाता सूची को अद्यतन करने और एन्यूमरेशन फॉर्म के डिजिटाइजेशन का कार्य तेज़ी से जारी है। इसी क्रम में जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने रविवार देर शाम सदर प्रखंड कार्यालय तथा मेदिनीनगर नगर निगम के पुराने भवन में संचालित एन्यूमरेशन फॉर्म एंट्री कैंपों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने डिजिटाइजेशन कार्य की प्रगति, डेटा एंट्री की गुणवत्ता और शुद्धता की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मियों को निर्देश दिया कि प्रत्येक फॉर्म का विवरण पूरी सावधानी और त्रुटिरहित ढंग से निर्धारित समय-सीमा के भीतर दर्ज किया जाए। उन्होंने कहा कि शुद्ध एवं अद्यतन मतदाता सूची लोकतांत्रिक प्रक्रिया की आधारशिला है, इसलिए इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उपायुक्त ने बताया कि निर्वाचन आयोग के एसआईआर-2026 अभियान को सफल बनाने के लिए जिले में दिन के साथ-साथ देर रात तक भी डिजिटाइजेशन का कार्य कराया जा रहा है। उन्होंने सभी कर्मियों से समन्वय और पूरी जिम्मेदारी के साथ लक्ष्य समय पर पूरा करने का आह्वान किया।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने डिजिटाइजेशन कार्य में लगे कर्मचारियों से बातचीत कर उनकी आवश्यकताओं की जानकारी ली और कार्य की गति एवं गुणवत्ता बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। इस मौके पर सदर अनुमंडल पदाधिकारी एवं उप निर्वाचन पदाधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।