सामाजिक कार्यकर्ता सोनू ने आरटीआई के जरिए चौकड़ी पंचायत में विकास कार्यों और आवास योजना की मांगी जानकारी
हुसैनाबाद: कृष्णा यादव
हुसैनाबाद: हुसैनाबाद अनुमंडल के हैदरनगर प्रखंड की चौकड़ी पंचायत में संचालित विकास योजनाओं, सरकारी राशि के खर्च और प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के लाभार्थियों से जुड़ी जानकारी अब सूचना के अधिकार के दायरे में मांगी गई है। पंचायत निवासी सोनू कुमार ने सूचना का अधिकार अधिनियम, 2005 के तहत प्रखंड सूचना अधिकारी सह प्रखंड विकास पदाधिकारी, हैदरनगर को आवेदन देकर विभिन्न योजनाओं से संबंधित अभिलेखीय जानकारी उपलब्ध कराने की मांग की है।
आरटीआई आवेदन में वित्तीय वर्ष 2022-23 से 2025-26 में जून माह तक 15वें वित्त आयोग मद से चौकड़ी पंचायत में कराए गए विकास कार्यों की जानकारी मांगी गयी है। इसमें योजना का नाम, कार्यस्थल, स्वीकृत राशि, खर्च की गयी राशि, कार्य की वर्तमान स्थिति तथा संबंधित अभिलेखों की जानकारी उपलब्ध कराने का अनुरोध किया गया है।
वहीं, वित्तीय वर्ष 2022-23 से 2024-25 के दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत पंचायत में स्वीकृत आवासों और लाभान्वित परिवारों की संख्या की जानकारी भी मांगी गयी है। आवेदक ने लाभार्थियों के नाम-पते, स्वीकृति से संबंधित विवरण तथा योजना के तहत जारी की गयी राशि का ब्योरा उपलब्ध कराने की मांग की है।
आवेदन में पंचायत में कराए गए उक्त विकास कार्यों के लिए सामग्री की आपूर्ति से संबंधित कार्यवार विवरण, सामग्री की मात्रा, भुगतान की गयी राशि तथा संबंधित एजेंसी या वेंडर का नाम भी मांगा गया है। साथ ही, योजनाओं से संबंधित मापी पुस्तिका, भुगतान एवं अन्य उपलब्ध अभिलेखों की जानकारी देने का आग्रह किया गया है।
आवेदक ने आरटीआई आवेदन में स्पष्ट किया है कि मांगी गयी सूचना यदि संबंधित कार्यालय या विभाग के पास उपलब्ध नहीं है, तो सूचना का अधिकार अधिनियम की धारा 6(3) के तहत आवेदन को संबंधित लोक सूचना पदाधिकारी के पास स्थानांतरित कर सूचना उपलब्ध करायी जाए।
आरटीआई आवेदन के बाद अब पंचायत में संचालित विकास योजनाओं और आवास योजना से जुड़े सरकारी खर्च एवं लाभार्थियों का आधिकारिक ब्योरा सामने आने की उम्मीद है।






