संत मरियम स्कूल के कक्षा 11वीं के विद्यार्थियों के लिए स्वागत समारोह
मेदिनीनगर : संत मरियम स्कूल के 11वीं कक्षा के विद्यार्थियों के स्वागत के लिए चैनपुर स्थित समृद्धि मैरिज हॉल में फ्रेशर्स पार्टी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन 12वीं कक्षा के विद्यार्थियों कि सहभागिता से हुई, जिसमें नए विद्यार्थियों का स्वागत किया गया।
इस अवसर पर 12वीं कक्षा के विद्यार्थियों ने नृत्य, नाटक, कविता-पाठ एवं अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। कार्यक्रम में 11वीं और 12वीं के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इसके बाद सभी विद्यार्थियों ने सामूहिक रूप से भोजन किया और लजीज व्यंजनों का आनंद लिया।
विद्यालय के चेयरमैन अविनाश देव ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन विद्यार्थियों के बीच आपसी परिचय, सहयोग और सकारात्मक संबंध स्थापित करने में सहायक होते हैं। उन्होंने सभी विद्यार्थियों को अनुशासन, अध्ययन और अच्छे संस्कारों के साथ आगे बढ़ने की शुभकामनाएं दीं।
प्राचार्य कुमार आदर्श ने 11वीं कक्षा के विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए कहा कि विद्यालय का उद्देश्य गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराना है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपनी पढ़ाई के साथ-साथ सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में भी सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।
कार्यक्रम में प्रवीण दुबे समन्वयक अमरेंद्र कुमार, विकास विश्वकर्मा, अंकित अग्रवाल विकास उपाध्याय समेत कई शिक्षक उपस्थित रहे। उन्होंने सभी विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके सफल एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की।





