पूजा-अनुष्ठान के बाद हुई भव्य आरती, सामाजिक संगठनों से लेकर युवा व मातृशक्ति की रही भागीदारी
गांधी घाट पर चला सफाई अभियान, शाम को आस्था की लौ से जगमगाया दामोदर तट
गांधी घाट पर चला सफाई अभियान, शाम को आस्था की लौ से जगमगाया दामोदर तट
शहरवासियों के सहभागिता से रामगढ़ को स्वच्छ एवं सुंदर बनाया जा सकता है : सीईओ
अनिल विश्वकर्मा
रामगढ़। नमामि गंगे अभियान के तहत शुक्रवार को गांधी घाट स्थित दामोदर तट पर स्वच्छता, जनजागरूकता और आस्था का अनूठा संगम देखने को मिला। छावनी परिषद रामगढ़ एवं दामोदर बचाओ आंदोलन समिति के संयुक्त तत्वावधान में दिनभर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। सुबह दामोदर तट की सफाई की गई, जबकि शाम को पूजा-अनुष्ठान के बाद भव्य गंगा आरती हुई।
दामोदर तट पर विशेष सफाई अभियान चलाया गया
सुबह छावनी परिषद के सीईओ विवेक सिंह के नेतृत्व में गांधी घाट एवं आसपास के दामोदर तट पर विशेष सफाई अभियान चलाया गया। सीईओ ने स्वयं सफाई अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाते हुए लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया। इस दौरान शहर के विभिन्न सामाजिक संगठनों और नागरिकों ने भी अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
दामोदर तट पर की गई गंगा आरती
शाम को दामोदर तट पर विधिवत पूजा-अनुष्ठान के बाद गंगा आरती आयोजित की गई। आरती के दौरान पूरा घाट भक्तिमय वातावरण से गूंज उठा। सामाजिक संगठनों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, छात्र-युवा शक्ति, मातृशक्ति एवं पर्यावरण प्रेमियों की उल्लेखनीय भागीदारी रही।
शहरवासियों के सहभागिता से रामगढ़ को स्वच्छ एवं सुंदर बनाया जा सकता है : सीईओ
मौके पर सीईओ विवेक सिंह ने कहा कि सभी को शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने का संकल्प लेना चाहिए। शहरवासियों के सहयोग और सहभागिता से ही रामगढ़ को स्वच्छ एवं सुंदर बनाया जा सकता है।
दामोदर नदी को स्वच्छ एवं निर्मल बनाए रखने के लिए जनभागीदारी जरूरी
दामोदर बचाओ आंदोलन के संयोजक एवं समाजसेवी गोविंद मेवाड़ ने कहा कि अभियान को जन-आंदोलन का स्वरूप देने में शहरवासियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उन्होंने दामोदर नदी को स्वच्छ एवं निर्मल बनाए रखने के लिए निरंतर जनभागीदारी की आवश्यकता पर जोर दिया।
पर्यावरण प्रेमियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया
मौके पर दामोदर बचाओ आंदोलन के सह-संयोजक ने कहा कि गंगा आरती में रामगढ़ के विभिन्न सामाजिक संगठनों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, छात्र-युवा शक्ति, मातृशक्ति और पर्यावरण प्रेमियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। उन्होंने कहा कि छावनी परिषद के सीईओ विवेक सिंह की सकारात्मक पहल सराहनीय है और इसके लिए सभी सहभागी धन्यवाद के पात्र हैं।


.jpg)



