BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

विद्यार्थियों को एआई और जनरेटिव एआई से परिचित कराना आज की जरूरत : विजयंत कुमार


भुरकुंडा। ए ला एंग्लाइज स्कूल में ट्रांसफॉर्म रूरल इंडिया के तत्वावधान में चल रहे तीन दिवसीय करियर काउंसलिंग का सोमवार को समापन किया गया। इसमें नवीं एवं 11वीं कक्षा के करीब 150 विद्यार्थियों ने भाग लिया। कार्यक्रम में नेहा चतुर्वेदी और निशांत कुमार ने विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करते हुए एआई एवं जनरेटिव एआई की उपयोगिता, कार्यप्रणाली तथा विभिन्न क्षेत्रों में इनके बढ़ते प्रभाव के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। तीन दिनों तक चले इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों को बताया गया कि वर्तमान समय में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, उद्योग, संचार और सूचना प्रौद्योगिकी जैसे क्षेत्रों में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। जनरेटिव एआई की सहायता से नई सामग्री तैयार करने, विचारों को विकसित करने, समस्याओं के समाधान खोजने तथा सीखने की प्रक्रिया को अधिक प्रभावी बनाने के तरीकों पर भी चर्चा की गई। मौके पर प्राचार्य विजयंत कुमार ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को बदलते तकनीकी परिवेश, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, जनरेटिव आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस तथा भविष्य में उभरते करियर विकल्पों के प्रति जागरूक करना था। उन्होंने कहा कि आज के डिजिटल युग में विद्यार्थियों को एआई और जनरेटिव एआई जैसी आधुनिक तकनीकों से परिचित कराना समय की आवश्यकता है। विद्यार्थियों को केवल किताबी ज्ञान तक सीमित रखना नहीं, बल्कि उन्हें भविष्य की चुनौतियों के लिए सक्षम, आत्मनिर्भर और नवाचार के प्रति जागरूक बनाना है। करियर काउंसलर वैभव कुमार ने कहा कि विद्यार्थियों को सही समय पर करियर संबंधी मार्गदर्शन देना उनके उज्ज्वल भविष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।