रक्षाबंधन पर ग्लोबल ट्रिनिटी स्कूल में बच्चों ने दिखाई कला, रंग-बिरंगी राखियां बनाकर दिया भाई-बहन के प्रेम का संदेश
संवाददाता विकास कुमार
बेड़ो: प्रखंड के खत्रीखटंगा स्थित ग्लोबल ट्रिनिटी पब्लिक स्कूल में गुरुवार को रक्षाबंधन पर्व के अवसर पर राखी मेकिंग प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। विद्यालय परिसर में आयोजित इस प्रतियोगिता में छात्र-छात्राओं ने उत्साह और उमंग के साथ भाग लिया। प्रतियोगिता के दौरान बच्चों ने अपनी कल्पना और रचनात्मकता का परिचय देते हुए हाथों से बेहद सुंदर, रंग-बिरंगी और आकर्षक राखियां बनाई। बच्चों द्वारा बनाई गई राखियों में भाई-बहन के अटूट प्रेम और भारतीय संस्कृति की झलक देखने को मिली। इस अवसर पर बच्चों ने एक-दूसरे को रक्षाबंधन की हार्दिक बधाई दी और इस पर्व के महत्व पर भी चर्चा की विद्यालय के प्राचार्य ने कहा कि इस तरह के आयोजन से बच्चों में भारतीय संस्कार, रचनात्मक सोच और आपसी भाईचारे की भावना विकसित होती है। वहीं विद्यालय के निदेशक ने बच्चों की कलाकारी की सराहना करते हुए कहा कि बच्चों ने बहुत ही कम समय में शानदार राखियां बनाई हैं जो काबिले तारीफ है। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागी बच्चों का उत्साहवर्धन किया गया और इस अवसर पर विद्यालय के निदेशक, प्राचार्य, शिक्षक एवं शिक्षकेत्तर कर्मचारियों ने बच्चों की रचनात्मकता की सराहना की तथा सभी को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं।






