सर्राफा व्यवसायियों की सुरक्षा को लेकर जरमुंडी एसडीपीओ कार्यालय में अहम बैठक
रांची एक्सप्रेस संवाददाता
दुमका : जिले के जरमुंडी पुलिस अनुमंडल कार्यालय में रविवार को आभूषण व्यवसायियों की सुरक्षा को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता एसडीपीओ नवल किशोर सिंह ने की। इसमें जरमुंडी, जामा, रामगढ़ और सरैयाहाट थाना क्षेत्र के दर्जनों स्वर्ण व्यवसायी शामिल हुए।
बैठक में एसडीपीओ ने सभी ज्वेलर्स से उनकी सुरक्षा से संबंधित सुझाव लिए और दुकानों की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने दुकानदारों से अपनी दुकानों में सीसीटीवी कैमरे, अलार्म सिस्टम लगाने, संदिग्ध व्यक्तियों पर नजर रखने और नकदी व आभूषणों के सुरक्षित रख-रखाव को लेकर विशेष सतर्कता बरतने को कहा।
इस दौरान स्वर्णकारों ने अपनी समस्याएं भी रखीं। व्यवसायियों ने कहा कि जरमुंडी में लगने वाले साप्ताहिक हाट के दिन बाजार में काफी भीड़ होती है, जिससे लूट और छिनतई की घटनाओं का भय बना रहता है। उन्होंने दानी नाथ मंदिर के सामने हटिया गली में पुलिस की तैनाती और चौकसी बढ़ाने की मांग की।
इस पर जरमुंडी थाना प्रभारी इंस्पेक्टर दयानंद साह ने बताया कि मुख्य बाजार और रिहायशी इलाकों में पहले से ही पेट्रोलिंग पार्टी द्वारा लगातार गश्त कराई जा रही है। सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जाएगा।
एसडीपीओ ने कहा कि पुलिस और व्यवसायियों के बीच बेहतर समन्वय से अपराध पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सकता है। दुकानदार किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
बैठक में जरमुंडी थाना प्रभारी दयानंद साह, जामा थाना प्रभारी अजीत कुमार, रामगढ़ थाना प्रभारी मनीष कुमार, सरैयाहाट थाना प्रभारी अनुज कुमार, एसडीपीओ कार्यालय के मुंशी तरुण कुमार सहित अनुमंडल क्षेत्र के दर्जनों आभूषण विक्रेता मौजूद थे।






